Chandigarh: चंडीगढ़ के लोगों के लिए दो दिन भारी पड़ने वाले हैं। आज यानी बुधवार शाम से वीरवार रात तक शहर के कई इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को पानी किल्लत का सामना करना पड़ेगा। चंडीगढ़ नगर निगम के अनुसार, मेंटिनेंस वर्क के कारण बुधवार शाम से वीरवार को पूरा दिन शहर के कई सेक्टरों में पानी की सप्लाई नहीं आएगी। इसलिए लोग पानी की व्यवस्था पहले ही कर लें। इस संबंध में नगर निगम द्वारा एडवाइजरी जारी कर दी गई है। जिसके अनुसार, सेक्टर-13 मनीमाजरा में वीरवार रात तक पानी की सप्लाई पूरी तरह से बाधित रहेगी। इसके अलावा सेक्टर-39 वॉटर वर्क्स, सेक्टर 14, 15, 16, 17, 18, 21-ए, 22ए एंड बी, 25 और पीजीआई में भी इन दो दिनों तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
चंडीगढ़ के कई इलाकों में पानी सप्लाई रहेगी प्रभावित (प्रतीकात्मक तस्वीर)
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस समय सेक्टर-39 वॉटर वर्क्स में पानी की स्टोरेज क्षमता को बढ़ाने का कार्य चल रहा है। यहां से सेक्टर-12 के वॉटर वर्क्स में पानी की सप्लाई पपिंग करते हुए जाता है, लेकिन मरम्मत के कारण ऐसा नहीं हो पाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य के कारण पानी के टैंक नंबर-1 को अलग करने की जरूरत पड़ेगी। जिस वजह से पानी की पंपिंग को पूरी तरह से रोकना पड़ेगा। पानी की सप्लाई को तब तक रोका जाएगा, जब तक यह कार्य पूरा नहीं हो जाता। इसलिए लोगों को पहले ही पानी की व्यवस्था करनी होगी। अधिकारियों के अनुसार, इसमें वीरवार रात तक का समय लग सकता है।
