Panchkula Firing: गुरुवार की देर रात हरियाणा में पंचकूला के पिंजौर में अमरावती मॉल के सामने गोलीबारी की घटना सामने आई है। अबतक सामने आई जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने दो लोगों पर कई राउंड गोलियां चलाई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है। सोशल मीडिया पर किसी ने इस घटना की जिम्मेदारी भी ली है, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल की जांच करती पुलिस
गुरुवार की शाम कुल पांच लोग एक SUV से मॉल में मूवी देखने आए थे। शो खत्म होने के बाद जैसे ही वो गाड़ी में बैठे उनपर हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में पिंजौर के रहने वाले सोनू नोल्टा नाम के व्यक्ति की मौत हो गई है। घायल को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर किया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके दो लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, जिनमें से एक का नाम पीयूष पिपलानी बताया जा रहा है। उन्होंने यह दावा किया है कि यह हमला कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल विश्नोई के कहने पर किया गया था।
इस मामले में DCP सृष्टि गुप्ता ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे पुलिस के पास यह सूचना पहुंची कि गोलीबारी की घटना हुई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दो लोगों को कुछ बदमाशों ने गोली मार दी है। घटना में एक शख्स की मौत हो गई है, मृतक का नाम सोनू नोल्टा है। दूसरा व्यक्ति जो घायल है, वह अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, पुलिस इसकी आगे जांच कर रही है।
