TharaliCloudburst Uttarakhand: उत्तराखंड में चमोली जिले के थराली क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। थराली से आगे चेपडो बाजार में तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है। टाइम्स नाव नवभारत से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात के समय अचानक चेपडो बाजार के ऊपर तेज आवाज आई, जिसके बाद तेज रफ्तार से पानी और मलबा सड़क व दुकानों में घुस गया। जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान 20 से 40 लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि 11 लोग घायल हो गए और एक बुजुर्ग लापता हो गया। वहीं दूसरी और सगवाड़ा गांव में भी मलबे की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई।
थराली में बादल फटने से मची तबाही
बादल फटने से कई रास्ते बंद
बादल फटने की घटना से थराली-देवाल मोटर मार्ग 10 से अधिक जगहों पर बंद हो गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए आर्मी की टीमों को पैदल ही थराली से चेपडो की और जाना पड़ रहा है। साथ ही स्थानीय लोग भी पैदल यात्रा करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कर्णप्रयाग-ग्वालदम नेशनल हाईवे पर थराली में बरसाती नाला उफान पर आ गया है। जिसके कारण सड़क पर खड़ा एक ट्रक नाले में फंस गया। प्रशासन लगातार राहत कार्य में जुटा हुआ है।
चमोली में आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी
चमोली में आज भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। चमोली के अलावा आज टिहरी गढ़वाल, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, अल्मोढ़ा, उधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी येलो अलर्ट है। इन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
