पटना : पटना दीवानी अदालत को दो दिन में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली, जो बाद में अफवाह साबित हुई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को अदालत प्रशासन को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली। इससे पहले सोमवार को भी इसी तरह की धमकी भरा ईमेल मिला था और उससे पहले आठ जनवरी को भी ऐसा ही फर्जी संदेश मिला था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने ’पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, "अदालत प्रशासन को बम की धमकी मिली थी। इसके बाद परिसर खाली कराया गया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया।
सांकेतिक फोटो (Istock)
उन्होंने कहा कि जांच के बाद यह धमकी अफवाह साबित हुई। एसएसपी ने बताया, "इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
जयपुर के मानसरोवर इलाके में मॉडर्न विद्यालय को मिला ईमेल
राजस्थान में जयपुर के मानसरोवर इलाके में मॉडर्न विद्यालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मॉडर्न विद्यालय को उसकी आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम धमाके की चेतावनी वाला ई-मेल मिला, जिसके बाद प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस दी।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता, आतंकवाद रोधी दस्ता और नागरिक सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, टीम ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, मैदान, कार्यालय, पार्किंग और आस-पास के क्षेत्र की तलाशी ली लेकिन करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर विद्यालय को बंद रखा गया।धमकी भरे ई-मेल में तमिलनाडु का जिक्र है और मेल किसने भेजा, इसकी जांच की जा रही है। साइबर प्रकोष्ठ की मदद से ई-मेल भेजने वाले की लोकेशन और पहचान पता करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
