Vaishali Murder News: बिहार के वैशाली जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां 22 वर्षीय महिला की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय मृतका की पांच साल की मासूम बेटी अपनी मां के शव से कुछ कदम दूरी पर बेखबर खिलौनों से खेलती रही। महिला के परिवार ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वैशाली में 22 वर्षीय महिला की कथित हत्या (सांकेतिक फोटो)
घर में मिला महिला का शव
यह घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर वार्ड-6 की है, मृतका की पहचान आशा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रविवार को एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन कर उन्हें आशा की मौत की जानकारी दी। परिवार के लोग जब घर पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था और घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। आशा का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि उसकी पांच वर्षीय बेटी अंशिका आंगन में अकेली खेल रही थी।
बच्ची मां के जागने का इंतजार करती रही
आशा के पिता गणेश पासवान ने आरोप लगाया कि परिवार के लोग उनके पहुंचने से पहले ही घर से जा चुके थे। उन्होंने बच्ची को अकेला ही घर पर छोड़ दिया गया था। उनके मुताबिक, बच्ची अपनी मां को आवाज दे रही थी और शायद यह उम्मीद कर रही थी कि वह उठकर उसकी देखभाल करेंगी।
दूसरी शादी के बाद विवाद का आरोप
आशा पहाड़पुर गांव के वार्ड-12 की रहने वाली थी। उसकी शादी लगभग ढाई साल पहले मधुरापुर गांव निवासी विलास पासवान के बेटे सुजीत पासवान से हुई थी। यह आशा और सुजीत दोनों की दूसरी शादी थी। सुजीत की पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो गई थी और उसके दो बच्चे थे। वहीं, आशा के पहले पति की भी बीमारी से मौत हुई थी और उसकी एक बेटी अंशिका थी।
बच्चों को लेकर विवाद का आरोप
परिजनों का कहना है कि शादी से पहले दोनों परिवारों को बच्चों के बारे में जानकारी थी। हालांकि, उनके मुताबिक बच्चों को लेकर दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। परिवार ने आरोप लगाया कि रविवार रात भी इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद सुजीत ने कथित तौर पर आशा पर डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इन आरोपों की पुलिस से स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद बिदुपुर थाने के प्रभारी रवि प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। एसएचओ के अनुसार, फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।पुलिस के मुताबिक, मौत के सही कारण और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आशा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने सुजीत और घटना के बाद कथित तौर पर घर से फरार हुए अन्य परिवार के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।
