Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-December-2025: बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। पछुआ हवाओं के चलने से कई जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति भी बनी हुई है। हालांकि प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान अभी 10 डिग्री से ऊपर बरकरार है। जिसके चलते आधिकारिक तौर पर कोल्ड डे की घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल राज्य में सुबह और शाम के साथ ही दिन में भी ठंड सताने लगी है। कई इलाकों में धूप भी काफी हल्की हो गई है। जिससे दिन में भी कंपकंपी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 5-6 दिनों में कोहरे और ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
आज बिहार का मौसम
बिहार में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार के सभी राज्यों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कहीं भी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि 12 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद और पटना शामिल हैं। अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा राज्य के पश्चिम और मध्य भागों में एक या दो स्थानों पर शीत दिवस जैसी स्थिति भी होने की संभावना है। जिसे देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
बिहार में कैसा रहेगा तापमान
बिहार में रविवार को अधिकतम तापमान 16 से 20 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में हवा में नमी का स्तर 90 फीसदी से ज्यादा हो गया है। जिसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर काफी कम हो गया है। जिससे दिन में भी रात जैसी ठिठुरन का एहसास हो रहा है।
पटना में आज के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में पिछले 24 घंटों में सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर और रोहतास के डेहरी में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पटना में आज सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटने की संभावना है। दोपहर में बादल छाए रहने के भी आसार जताए गए हैं। जिससे धूप के दर्शन होने की संभावना कम है।
