जगतसिंहपुर में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा बुलडोजर
Samastipur Bulldozer Action: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराध और मनचलों के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में एक लड़की से कथित छेड़खानी और बदसलूकी के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के घर पर बुलडोजर चला दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल है।
पूरा मामला जगतसिंहपुर का है, जहां लड़की से बदसलूकी की घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी विकास कुमार शर्मा का मकान सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके बनाया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए 24 से 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था। जैसे ही तय समयसीमा खत्म हुई, प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई और अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Nagpur News: डिलीवरी बॉय बनकर घुसे युवक की भीड़ की पिटाई से मौत, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि इस मामले में यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी घटना से जुड़े अन्य आरोपियों राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान द्वारा किए गए अवैध निर्माणों पर प्रशासन का बुलडोजर चल चुका है।
बुलडोजर कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने क्या कहा?
विकास कुमार शर्मा के घर पर हुई इस कार्रवाई के बाद से जगतसिंहपुर का यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और मनचलों के बीच कानून का खौफ पैदा होगा और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।
