Tejashwi Yadav: बिहार के रोहतास जिले में डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या का मामला अब राजनीतिक विवाद में बदलता नजर आ रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मृतक अधिकारी की पत्नी से फोन पर बातचीत की और उसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि बिहार में कुछ ही दिनों के अंदर दूसरे अधिकारी की हत्या हुई है और मृतक के परिजनों ने एनडीए के एक विधायक पर कार्यपालक पदाधिकारी से 50 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
तेजस्वी यादव ने आरोपी विधायक पर FIR और न्यायिक जांच की मांग उठाई
जांच की दिशा मृतक के ड्राइवर की ओर मोड़ दी गई
तेजस्वी का दावा है कि परिजनों के अनुसार मांग पूरी नहीं करने पर अधिकारी की हत्या कराई गई। उन्होंने पुलिस जांच की दिशा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद एक पुलिस महानिरीक्षक ने मौके का दौरा किया और बिना पर्याप्त अनुसंधान के जांच की दिशा मृतक के ड्राइवर की ओर मोड़ दी गई, जिससे विधायक को जांच के दायरे से बाहर रखने की कोशिश हो रही है।
और कितने अधिकारियों की जान लेंगे?
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों को पाताल से खोज निकालने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री इस मामले में दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि सत्ता के संरक्षण में अपराध और माफिया के आरोप झेल रहे विधायक आखिर बिहार में और कितने अधिकारियों की जान लेंगे। साथ ही उन्होंने चुनौती देते हुए आरोपी विधायक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने और मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 12 घंटे के अंदर आरोपी तक पहुंचने की बात कही थी। जांच में सामने आया कि वारदात में किसी बाहरी अपराधी की भूमिका नहीं थी, बल्कि अधिकारी के चालक मिथिलेश पर ही हत्या का आरोप है। पुलिस के अनुसार, चालक ने घटना को लेकर कई बार अपना बयान बदला। पहले उसने बाइक सवार बदमाशों के हमले की बात कही, फिर एक हमलावर बताया और बाद में इसे सड़क हादसा साबित करने की कोशिश की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि अधिक ड्यूटी को लेकर अधिकारी और चालक के बीच विवाद चल रहा था। पटना जाते समय चालक ने सुनसान जगह पर वाहन रोककर लोहे की रॉड से हमला किया और बाद में हथियार नहर में फेंक दिया। पुलिस अब रॉड की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
