Bankipur By election: बिहार की राजधानी पटना स्थित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले वोटिंग से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार प्रदेश प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर/डीसीएलआर (DCLR) को पत्र लिखकर फर्जी मतदान रोकने और मतदाताओं के पहचान पत्र (EPIC ID) तथा मतदाता सूची के नाम का कड़ाई से मिलान करने का आग्रह किया है।
बांकीपुर में EPIC कार्ड की सख्त जांच की मांग (फाइल फोटो)
बीजेपी का जन सुराज पर आरोप, चुनाव आयोग से शिकायत
रिटर्निंग ऑफिसर को लिखे पत्र में बीजेपी नेता नितिन अभिषेक ने आरोप लगाया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोटिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। पत्र में मांग की गई है कि लोकतंत्र के सिद्धांतों की रक्षा के लिए मतदान केंद्रों पर सख्त जांच प्रोटोकॉल लागू किया जाए। हर मतदाता के लिए उनका मूल मतदाता पहचान पत्र (EPIC ID) प्रस्तुत करना अनिवार्य हो और आधिकारिक सूची से उनके नाम का गहनता से मिलान करने के बाद ही वोट डालने की अनुमति दी जाए।
प्रशांत किशोर ने किया मांग का स्वागत
बीजेपी की इस मांग पर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के कदम का स्वागत किया है। प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि बहुत लंबे समय के बाद बीजेपी ने कोई रचनात्मक काम किया है। फर्जी वोटिंग रोकने के लिए EPIC कार्ड की कड़ाई से जांच कराने की मांग एक अच्छा कदम है और हम इसका पूरा स्वागत करते हैं।
इसके साथ ही बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर आत्मविश्वास जताते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "हम यह चुनाव 200 प्रतिशत जीतने जा रहे हैं।"
बांकीपुर में दिलचस्प हुआ मुकाबला
गौरतलब है कि बांकीपुर सीट पर होने वाला यह उपचुनाव बिहार की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। बीजेपी द्वारा सुरक्षा और पहचान पत्रों की सख्ती की मांग और प्रशांत किशोर के तीखे बयानों ने इस चुनावी मुकाबले को और अधिक दिलचस्प बना दिया है। चुनाव प्रशासन ने शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
