बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ NDA ने तैयारी तेज कर दी है। गठबंधन के विधायक शुक्रवार को बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि NDA एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और शुक्रवार की बैठक में रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बिहार विधान परिषद चुनाव की रणनीति के लिए शुक्रवार को बैठक करेगा NDA (File Photo|X:Sanjay Saraogi)
NDA एकजुट होकर लड़ेगा चुनाव
संजय सरावगी ने कहा, ’’हमने आगामी विधान परिषद चुनाव पर चर्चा की। राजग एकजुट होकर यह चुनाव लड़ेगा। रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को राजग विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।’’ गौरतलब है कि विधान परिषद की आठ सीट के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होना है। इनमें से पांच सीटें फिलहाल राजग के पास हैं और गठबंधन के सभी मौजूदा एमएलसी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें भाजपा के चार एमएलसी शामिल हैं।
सारण में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में उसके मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत कुमार सिंह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी राजग के आधिकारिक उम्मीदवार जदयू के आनंद पुष्कर के लिए मुकाबला मुश्किल हो गया है। सत्तारूढ़ गठबंधन के सबसे छोटे घटक राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के राम पुकार सिन्हा के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।
अंदरूनी कलह के सवाल पर बचते दिखे सरावगी
हालांकि, सरावगी ने राजग में अंदरूनी कलह से जुड़े सवालों का सीधा जवाब देने से परहेज किया, जिससे विधान परिषद चुनावों में गठबंधन की संभावनाओं पर असर पड़ सकता है। इन चुनावों में सभी आठ सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। भाजपा नेता ने कहा, ’’राजग पूरी तरह मजबूत है और एकजुट है। जहां तक चुनाव से पहले अलग-अलग दलों से जुड़े मुद्दों का सवाल है, संबंधित प्रदेश अध्यक्षों को उचित कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया गया है।’’
(इनपुट - भाषा)
