बिहार में आज का मौसम (21 May 2026): बिहार में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, तो वहीं दूसरी ओर आंधी-बारिश को लेकर कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। जिनमें भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद शामिल हैं, इन जिलों में रेड अलर्ट है। वहीं 23 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पूर्वी हवाओं की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी सताएगी।
बिहार के किन जिलों में आज का अलर्ट
पटना, नालंदा, गया, नवादा, जमुई, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, खगड़िया, पूर्वी चंपारण और आसपास के इलाके।
पटना में आज कैसा मौसम रहेगा
पटना में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। कुछ इलाकों तेज हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, बल्कि उमस भरा मौसम बना रहेगा। आज पटना में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
बिहार में क्यों मौसम का डबल रूप
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय बिहार में दो अलग-अलग वेदर सिस्टम एक्टिव हैं। पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार में लगातार गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण वहां तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हीटवेव के हालात बन गए हैं। वहीं दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से नमी वाली पूर्वी हवाएं आ रही हैं। जिनके कारण उत्तर और पूर्वी बिहार में नमी बढ़ रही है, जिससे बादल बन रहे हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं की स्थिति भी देखने को मिल रही है। इसी वजह से बिहार में एक ही समय पर कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बारिश और आंधी जैसा मिला-जुला मौसम देखने को मिल रहा है।
बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कैमूर सबसे गर्म जिला दर्ज हुआ, यहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद डेहरी में 43.1 डिग्री और औरंगाबाद में 41.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इस दौरान खगड़िया समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम मिला-जुला ही देखने को मिलेगा, इस दौरान कहीं बारिश होगी तो कहीं लू का अलर्ट रहेगा। जिसके चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
