Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के विचारपुर गांव से एक अनोखी घटना सामने आई है। जहां एक युवक को सांप ने काट लिया, जिसके बाद वह सांप को हाथ में लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया। सांप को देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने तुरंत सर्प मित्र को बुलाया, जिसने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद किया और जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शहडोल में युवक को सांप ने काटा
विचारपुर गांव में रहने वाले राकेश सिंह नामक युवक को सांप ने काट लिया था। सांप के काटते ही युवक ने तुरंत उसे अपने हाथों से पकड़ लिया। जिसके बाद वह सांप को हाथ में लेकर ही जिला अस्पताल पहुंच गया। युवक के हाथ में सांप देखकर स्टाफ और मरीज दंग रह गए। डॉक्टरों ने युवक को सांप को छोड़ने के लिए समझाया, ताकि मरीज का इलाज किया जा सके। लेकिन युवक वह सांप को छोड़ने के लिए राजी नहीं हुआ।
सर्प मित्र ने सांप को किया रेस्क्यू
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने सांप को पकड़ने के लिए तुरंत सर्प मित्र को फोन कर बुलाया। सूचना पाकर सर्प मित्र एवं विशेषज्ञ अनिल सोनी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर के डब्बे में बंद किया। जिसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया। फिलहाल राकेश अस्पताल में भर्ती है उसका इलाज किया जा रहा है। इस पूरी घटना को अस्पताल में मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
