Mandsaur: मध्यप्रदेश के मंदसौर में आयोजित गांधीसागर फेस्टिवल के दौरान शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में नाइट हाल्ट के बाद हॉट एयर बैलून की सवारी करने पहुंचे थे। जैसे ही वे बैलून की ट्रॉली में सवार हुए, हवा की रफ्तार ने स्थिति बिगाड़ दी।
तेज हवा के कारण रद्द हुई उड़ान
जानकारी के मुताबिक हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रतिघंटा थी, जिसके चलते बैलून उड़ान नहीं भर सका। इस दौरान बैलून के निचले हिस्से में आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया और सिक्योरिटी गार्ड्स ने बैलून की ट्रॉली को संभाल लिया, जिससे मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और इसे मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में चूक के तौर पर देखा जा रहा था। बाद में मंदसौर जिलाधिकारी अदिति गर्ग ने इसे भ्रामक करार देते हुए कहा कि, सीएम की सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं हुई है।
दावे का खंडन करने वाली पोस्ट में लिखा हुआ है कि कुछ माध्यमों में एयर बैलून के संबंध में भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई है, इसके संबंध में वास्तविक स्थिति इस प्रकार है। एयर बैलून में सुरक्षा के संबंध में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई है। माननीय मुख्यमंत्री जी केवल एयर बैलून को देखने के लिए गए थे।
हॉट एयर बैलून, जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, गर्म हवा का गुब्बारा होता है। इसे उड़ान भरने योग्य बनाए रखने के लिए हवा को गर्म किया जाता है, जिससे गुब्बारा ऊपर उठ सके और तैरता रहे। इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानक पूरी तरह से पालन किए गए हैं। नागरिकों से निवेदन है कि वे असत्य और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।
