Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक डंपर और मोटरसाइकिल की टक्कर में 27 वर्षीय धर्मेंद्र बघेल और उनकी मां 45 वर्षीय चमेली बघेल की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना निरावली जोड़ के पास हुई।
पुरानी छावनी थाने के प्रभारी निरीक्षक संतोष यादव ने बताया कि धर्मेंद्र और उनकी मां मुरैना से घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
एसएचओ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने डंपर का पीछा कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजे गए हैं और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पीड़ित ग्वालियर के मोती झील इलाके के रहने वाले थे।
(इनपुट - भाषा)
