Satna: मध्य प्रदेश के सतना जिले के पुलिस थाना परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया। मंगलवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना जैतवारा पुलिस थाना परिसर में आधी रात के आसपास हुई। मार्च में रीवा जिले से भी पुलिस की टीम पर हमले की खबर आई थी। जिसमें एक ASI की मौत हो गई थी।
बेखौफ अपराधी ने पुलिसकर्मी को मारी गोली
क्या है पूरा मामला
सोमवार की देर रात सतना जिले के जैतवारा थाना में गोली बारी की घटना हो गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष गुप्ता ने बताया कि प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग पुलिस थाने की बैरक में खाना खाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्होंने शोर सुना और बाहर निकल आए। उसी दौरान एक नकाबपोश व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी के कंधे के पास गोली लगी है और हमलावर मौके से भाग गया।
शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधान आरक्षक की हालत स्थिर है और उन्हें इलाज के लिए रीवा के मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने दल गठित किए गए हैं और उसकी तलाश जारी है।
पहले भी हो चुका है पुलिस पर हमला
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में अपराधियों का पुलिस पर हमला करने की घटना नई नहीं है। पिछले महीने की रीवा के मऊगंज में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला हो गया था। बंधक को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया था। इस हिंसा में ASI रामचरण गौतम की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
(इनपुट-भाषा)
