Madhav Nagar Dhaba Incident: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के माधव नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना हुई जहां मंगलवार देर रात हाईवे किनारे स्थित मैगी प्वाइंट ढाबे पर कुछ नशे में धुत युवक-युवतियों ने हंगामा मचाया। बताया जा रहा है कि, विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी उनका अभद्र व्यवहार देखने को मिला और कुछ युवतियों ने कपड़े उतारने तक की धमकी दे डाली। इस पूरे घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवतियों को गाली-गलौज करते और ढाबे के कर्मचारियों के साथ बहस करते देखा जा सकता है। घटना उस समय हुई जब नशे में युवकों-युवतियों ने ढाबे पर किसी मामूली विवाद को लेकर उत्पात मचाना शुरू किया।
नशे में धुत युवक-युवतियों ने ढाबे पर मचाया हंगामा (प्रतीकात्मक फोटो: iStock)
नशे में की गाली-गलौज
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ही नशे में धुत कुछ युवतियों ने अभद्रता शुरू कर दी। वायरल वीडियो में वे पुलिसकर्मियों पर चिल्लाती और धमकी देती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ ने पुलिस के सामने ही कपड़े उतारने तक की धमकी दी। साथ मौजूद युवकों ने भी पुलिस से धक्का-मुक्की की। एक युवती ने खुद को भोपाल की रहने वाली बताया और नशे में गाली-गलौज करती रही, जबकि पुलिस महिला होने के कारण फिलहाल शांत रही।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी
ऐसे में काफी मशक्कत और महिला पुलिसकर्मियों की मदद से सभी युवक-युवतियों को काबू में किया गया और थाने ले जाया गया। थाना प्रभारी संजय दुबे से मिली जानकारी के अनुसार, मैगी प्वाइंट ढाबे पर युवक-युवतियों द्वारा उत्पात मचाए जाने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। बताया जा रहा है कि, पुलिस ने युवकों और युवतियों के खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
