Chitrakoot News: मध्यप्रदेश के सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट में बुधवार को एक बेहद अनोखा और मनोरंजक दृश्य देखने को मिला, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यहां एक लंगूर कार की छत पर शाही अंदाज़ में नगर भ्रमण करता दिखाई दिया। यह नजारा देखकर तीर्थयात्री और स्थानीय लोग न सिर्फ हैरान रह गए, बल्कि मुस्कुराए बिना भी नहीं रह सके।
चित्रकूट में लंगूर की शाही सवारी
बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार की है। हरियाणा से आए कुछ तीर्थयात्री जानकीकुंड के पास दर्शन के लिए रुके थे। तभी अचानक एक लंगूर उछलकर उनकी कार की छत पर चढ़ गया। जैसे ही कार आगे बढ़ी, लंगूर भी लगभग 2 किलोमीटर तक उसी अंदाज में छत पर बैठा रहा। कार की धीमी रफ्तार और लंगूर की बेफिक्री ने ऐसा दृश्य बना दिया मानो कोई राजा सड़कों का मुआयना कर रहा हो।
लंगूर बिल्कुल निडर होकर आराम से बैठा रहा और राह चलते सैकड़ों लोगों की नजरें उसी पर टिक गईं। तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों ने इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। अब इस घटना का वीडियो "लंगूर की शाही सवारी" के नाम से चर्चा में बना हुआ है।
