मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के ब्लड बैंक से कई यूनिट रक्त और प्लाज्मा चोरी हो गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि एम्स ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र प्रसाद द्वारा बाग सेवानिया पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को ठेके के एक कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
रक्त और प्लाज्मा चोरी (प्रतीकात्मक फोटो:istock)
सहायक पुलिस आयुक्त (मिसरोद क्षेत्र) रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि शिकायत के अनुसार ब्लड बैंक से रक्त और प्लाज्मा इकाइयां लंबे समय से गायब हो रही थीं।उन्होंने बताया कि कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी कथित तौर पर प्लाज्मा (रक्त का तरल हिस्सा) की कुछ इकाइयां चुरा रहा था और उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति को सौंप रहा था।उन्होंने कहा कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कश्यप ने बताया कि एम्स के अधिकारियों को इस मामले में कुछ अंदरूनी लोगों की भूमिका पर संदेह था, इसलिए उन्होंने ब्लड बैंक के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
