पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश के चलते भोपाल का बड़ा तालाब पानी से भर गया है। इस तालाब में अब मात्र 3.6 फीट जगह ही खाली रह गई है। बुधवार सुबह तालाब का जलस्तर 1663.20 फीट तक पहुंच गया। तालाब के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश और सीहोर जिले में उफनती कोलांस नदी की वजह से यहां पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।
भोपाल के बड़ा तालाब में जलस्तर बढ़ा (फोटो - iStock)
हालांकि, भोपाल शहर में अब भारी बारिश का दौर थम गया है, लेकिन कई रिहायशी इलाकों में अब भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कोलार रोड की जानकी सोसायटी, मंदाकिनी चौराहा, करोंद, शिवनगर और अयोध्या बायपास क्षेत्र की कॉलोनियों में 2 से 3 फीट तक पानी भरा हुआ है। जानकी सोसायटी के बेसमेंट में पानी घुसने से कई टू-व्हीलर्स डूबे हुए हैं। मंदाकिनी चौराहे पर भी कई इमारतों के बेसमेंट में पानी भर गया है।
ये भी पढ़ें - भूकंप और सुनामी के समय क्या करें क्या नहीं, यहां जानें
अयोध्या बायपास पर स्थित इको ग्रीन पार्क में जलभराव से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। उधर, सीहोर जिले में कोलांस नदी 10 फीट ऊपर बह रही है, जिससे बुधवार सुबह बड़ा तालाब और भी अधिक भर गया।
जलस्तर बढ़ने की स्थिति में भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे, ताकि पानी कलियासोत डैम की ओर जा सके। इसके अलावा, केरवा और कलियासोत क्षेत्रों में भी पानी की मात्रा बढ़ने से मंगलवार को कलियासोत डैम का एक गेट टेस्टिंग के लिए खोला गया, जिससे अब कलियासोत नदी में भी पानी बह रहा है।
