Bhopal Suicide Case: राजधानी भोपाल में 9वीं की एक स्टूडेंट फांसी के फंदे पर झूलती मिली। घटना की जानकारी सबसे पहले मृतका की मां को तब मिली जब वह घर का काम कर रही थी और देखा कि, किराएदार की ओर से खाली किए गए रूम का दरवाजा बहुत देर से बंद है। शक हुआ तो मां दरवाजा खोल कमरे के अंदर गई तो उसके होश उड़ गए। उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी फंदे पर झूल रही थी।
भोपाल में 9वीं की स्टूडेंट फांसी के फंदे पर झूलती मिली (प्रतीकात्मक तस्वीर)
घटना शहर के बागसेवनिया इलाके के शनि मंदिर के पास की है। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी छात्रा के पिता को दी इसके बाद उसे अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मंगलवार को मृतका एम्स में पोस्टमार्टम (पीएम) करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पहले तो परिजन नाबालिग का पीएम कराने के लिए सहमत नहीं थे, मगर मामला संदिग्ध लगा तो पीएम कराया गया। पुलिस के मुताबिक, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही सुसाइड के असली कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि परिजन इसे सुसाइड ही बता रहे हैं।
