Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित प्लेटिनम प्लाजा में मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर और बाबा खाटू श्याम मंदिर में निर्जला एकादशी के अवसर पर विशेष आयोजन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस साल बाबा खाटू श्याम के बगीचे को भव्य तौर पर आम से सजाया जाएगा। इसके लिए 251 किलोग्राम आम भोग स्वरूप अर्पित किया जाएगा।
खाटू श्याम मंदिर में सजेगा आम का बगीचा
आम खानी एकादशी
मंदिर समिति ने बताया कि हर साल आने वाली निर्जला एकादशी को "आम खानी एकादशी" के रूप में मनाया जाता है। हर साल की तरह इस साल भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बाबा का आमों से श्रृंगार किया जा रहा है। समिति ने बताया कि मंदिर परिसर को आम के बगीचे की थीम पर सजाया जा रहा है। इसमें एक प्रकार के नहीं, बल्कि विभिन्न प्रजातियों के आमों से मंडप, तोरण और आभूषण बनाए गए हैं।
भोग के बाद प्रसाद में मिलेगा आम
मंदिर समिति ने बताया कि बाबा को भोग लगाने के बाद प्रसाद में भक्तों को आम ही दिया जाएगा। आज निर्जला एकादशी के अवसर पर विशेष आयोजन करने वाले आयोजकों ने शहर वासियों से इसमें शामिल होने और बाबा का आशीर्वाद लेने की अपील की है। निर्जला एकादशी को पुण्यदायिनी एकादशी के रूप में जाना जाता है। आज के दिन सिर्फ भोपाल में ही नहीं बल्कि देश के सभी श्याम मंदिरों में विशेष आयोजन किये जाते हैं। भक्त बिना जल ग्रहण किए व्रत रखते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं। कहा जाता है कि गंगा दशहरा के बाद आने वाली एकादशी का बहुत बड़ा महत्व होता है। निर्जला एकादशी के दिन व्रत और दान करने फल साल भर की सभी एकादशियों के बराबर माना जाता है।
आम बगीचा बना आकर्षण का केंद्र
भोपाल के प्लेटिनम प्लाजा मे इस साल आम बगीचे का आयोजन पहली बार एक खास रूप में किया जा रहा है। यही कारण है कि श्याम प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
