Bihar Crime: बिहार के बेगूसराय जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और बाद में शव को 9 से 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया।
बेगूसराय में महिला ने प्रेमी संग मिलकर पति को मौत के घाट उतारा
हत्या का यह मामला बेगूसराय के जीरो माइल थाना क्षेत्र के पपरौर वार्ड नंबर 6 का है, जहां 12 अप्रैल से लापता जगदीश पासवान की हत्या का खुलासा हुआ है। जगदीश पासवान की मां ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
परिवार को हुआ बहू पर शक
जब पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी, इसी दौरान परिवार को बहू विभा देवी पर शक हुआ। परिवार के शक के आधार पर पुलिस ने विभा देवी से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में विभा देवी ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उसका चंदन कुमार नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध (Love Affair) था और उसका पति जगदीश पासवान इस बात का लगातार विरोध कर रहा था।
प्रेमी के साथ रची पति को मारने की साजिश
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते विभा देवी और उसके प्रेमी चंदन ने मिलकर जगदीश पासवान की हत्या की साजिश रची। 12 अप्रैल को बहाने से जगदीश पासवान को फर्टिलाइजर कैंपस स्थित वन विभाग कार्यालय के पीछे बुलाया गया, जहां पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर जगदीश की बेरहमी से पिटाई करके हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने शव को लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया, ताकि किसी को इस बात का शक न हो और उनका अपराध भी छुपा रहे। हालांकि, पुलिस की जांच और तकनीकी सुबूतों के आधार पर पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत बरामद किए हैं। शव को गड्ढे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें - बिहार का मौसम (21 Apr 2026) Bihar Weather Today: बिहार में बढ़ेगा पारा, दो दिन बाद तेज आंधी की चेतावनी
आरोपी पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी विभा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी चंदन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी जांच की निगरानी कर रहे हैं। डीएसपी सदर-2 मोहम्मद इमरान अहमद ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
