UP Weather Today यूपी में आज का मौसम (21 Apr 2026): उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। कई जगह अभी से ही लू यानी हीटवेव जैसे हालात दिखने लगे हैं। जबकि अभी पिछले हफ्ते ही राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई थी, जिसके बाद तापमान में गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि, अब फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं और आसमान साफ रहेगा। इसके चलते दिन-दोपहर में तेज धूप में निकलना मुश्किल होगा और पारा भी लगातार नई ऊचाईंया छुएगा।
राजधानी लखनऊ में आज यानी मंगलवार 21 अप्रैल की सुबह से ही तेज धूप का असर बना हुआ है और पछुआ हवाएं भी गर्मी को और बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
कल का मौसम
कल यानी सोमवार 20 अप्रैल को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम था। आर्द्रता यानी ह्यूमिडिटी की बात की जाए तो अधिकतम आर्द्रता 57 प्रतिशत और न्यूनतम 14 प्रतिशत रही, जिससे दिन में सूखी और तेज गर्मी का एहसास हुआ।
ज्यादातर जगहों पर तापमान 40 पार
मौसम विज्ञानियों के अनुसार निचले क्षोभमंडल में चल रही पछुआ हवाओं और आतंरिक महाराष्ट्र के पास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव के कारण उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। सिर्फ उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों में ही फिलहाल प्रचंड गर्मी से कुछ राहत देखी जा रही है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वॉर्म नाइट का असर
अगले एक हफ्ते में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों के मौसम में बड़े बदलाव की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान कई जिलों में लू यानी हीटवेव चल सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्म रातें यानी 'वार्म नाइट' का असर अगले 2-3 दिनों तक बना रह सकता है।
स्कूलों का समय बदला गया
प्रचंड गर्मी के हालात को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार ने स्कूलों के समय को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य में 8वीं तक के सभी परिषदीय स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेंगे। बच्चों की छुट्टी 12:30 बजे हो जाएगी, लेकिन टीचर्स 1:30 बजे तक स्कूल में मौजूद रहेंगे।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गुरुवार 23 अप्रैल तक Heatwave की आशंका है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा, जिसके चलते तेज चुभन वाली गर्मी महसूस होगी।
