चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और 'मुरासु' की तबाही के बाद, भारत के तटीय राज्यों पर एक बार फिर नए चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे अंडमान सागर के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है, जो 16 नवंबर 2026 की शाम तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों और द्वीपों के लिए चेतावनी जारी करते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है।
नए साइक्लोन अकवान का खतरा
जानिए कब कितना बढ़ेगा खतरा
IMD के मौसम वैज्ञानिकों ने इस चक्रवाती तंत्र की गति और तीव्रता को लेकर समय-सीमा साझा की है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 नवंबर की सुबह ये कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए और ज्यादा मजबूत होकर 'डिप्रेशन का रूप ले लेगा। 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर यह डिप्रेशन एक तीव्र चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा, जिसका नाम 'अकवान' (Akvan Cyclone) होगा। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है।
किन राज्यों में होगी भारी बारिश?
चक्रवात के प्रभाव से दक्षिण और पूर्वी भारत के तटीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ने वाला है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक लगातार मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं तूफान के तटीय इलाकों के करीब पहुंचने से 18 और 19 नवंबर को ओडिशा और आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मछुआरों के लिए रेड अलर्ट
समुद्र में स्थिति बेहद खराब से विकराल होने की आशंका को देखते हुए IMD ने मछुआरों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समुद्र में गए सभी मछुआरों को 15 नवंबर तक हर हाल में किनारे पर लौटने की सलाह दी गई है। अंडमान सागर और अंडमान निकोबार तट में 17 नवंबर तक समुद्र में जाने पर पूरी तरह रोक है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में 15 से 18 नवंबर के बीच जाने से बचने की सलाह दी गई है और मध्य बंगाल की खाड़ी में 16 से 19 नवंबर तक मछुआरों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध।
'अर्नब' और 'मुरासु' के बाद 'अकवान' का संकट
हाल ही में आए चक्रवाती तूफान 'अर्नब' और 'मुरासु' ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। ओडिशा के गंजाम जिले में तूफान के कारण आई भीषण बाढ़ से आसका बाजार और आसपास के इलाके कई दिनों तक जलमग्न रहे, जिससे स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों को करोड़ों रुपये का वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा। जिसे देखते हुए इस बार प्रशासन पहले से ही एहतियाती कदम उठा रहा है ताकि किसी भी संभावित आपदा से समय रहते निपटा जा सके। अगर ये तूफान चक्रवात का रूप लेता है तो इसका का नाम अकवान (Cyclone Akvan) होगा। यह ईरानी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ 'दुष्ट बुद्धि' होता है।
