पंजाब (Punjab) में नशे के खिलाफ आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया। बरनाला (Barnala) जिले के गांव कालेके में नशा विरोधी कमेटी के एक सदस्य पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि नशा बेचने और इस्तेमाल करने वाले कुछ लोगों को पुलिस के हवाले कराने से नाराज चार आरोपियों ने युवक के घर पर पहुंचकर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली कमेटी सदस्य अमनदीप सिंह की टांग में लग गई। गंभीर रूप से घायल अमनदीप को इलाज के लिए बरनाला के अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
नशा तस्करों की पुलिस से कराई शिकायत तो घर पर पहुंच गए हमलावर और युवक को मार दी गोली (AI Generated Image)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फरीदाबाद में 'फर्जी' विजिलेंस अफसर गिरफ्तार
नशे के खिलाफ पुलिस को दी थी सूचना
घायल अमनदीप सिंह ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें कुछ लोगों के पास से नशीला पदार्थ (Drugs) मिला था। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने उनलोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। अमनदीप के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कराने के लिए उन्हें थाने आने को कहा था। उन्होंने पुलिस से कहा कि वह खाना खाने और नहाने के बाद कुछ ही समय में थाने पहुंच जाएंगे लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस बीच उनके साथ ऐसी वारदात हो जाएगी।
घर पहुंचकर हमलावरों ने शुरू कर दी फायरिंग
अमनदीप सिंह का आरोप है कि जिन लोगों को पुलिस (Punjab Police) के हवाले किया गया था, उनके साथी इस बात से नाराज थे। इसी नाराजगी में चार आरोपी सीधे उनके घर पहुंच गए। उन्होंने घर के गेट को जोर-जोर से धक्का दिया और कुछ ही देर बाद फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चलाई गई एक गोली अमनदीप की टांग में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरनाला रेफर कर दिया गया।
चार आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
बताया जा रहा है कि हमले में चार लोगों ने अवैध हथियारों का इस्तेमाल किया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
