Ayodhya Deepotsav 2026: फिर लाखों दीपों से सजेगी राम नगरी अयोध्या, भव्य दीपोत्सव की तैयारियां तेज; सफाई और सुरक्षा पर जोर

Ayodhya Deepotsav 2026: राम नगरी अयोध्या एक बार फिर दीपों की रोशनी से जगमगाने की तैयारी में है, नवंबर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा, शहर की सफाई, यातायात और सुरक्षा के साथ 14-कोसी व 5-कोसी परिक्रमा की व्यवस्थाओं पर भी खास फोकस रहेगा।

Ayodhya Deepotsav 2026: राम नगरी अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवंबर में होने वाले इस भव्य दीप पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों और संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक कर तैयारियों की रूपरेखा तय की है। मंडलायुक्त राजेश कुमार के अनुसार, बैठक में पुलिस प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। साथ ही पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं में जरूरी सुधार करने पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने बताया कि इस बार भी अयोध्या में भव्य स्तर पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियां लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं। प्रशासन का विशेष जोर दीपोत्सव के दौरान पूरे शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Ayodhya Deepotsav

नवंबर में फिर जगमगाएगी राम नगरी (फोटो- ANI)

14-कोसी और 5-कोसी परिक्रमा की तैयारियों की भी समीक्षा

इसके साथ ही 14-कोसी और 5-कोसी परिक्रमा की तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों को जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। राम की पैड़ी और घाटों पर होने वाले कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए वहां चल रहे निर्माण कार्यों को भी निर्धारित कार्यक्रमों से पहले पूरा करने को कहा गया है। अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमन वर्मा ने बताया कि दीपोत्सव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

End of Feed