Delhi News: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में एक क्लब के बाहर दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, मारपीट और नस्लभेदी टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं में एक असम और दूसरी बिहार की रहने वाली बताई जा रही हैं।
दिल्ली में सनसनीखेज वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना 10 मई की सुबह करीब 6:30 बजे एक होटल के बाहर स्थित चाय की दुकान के पास हुई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें से 3 को हिरासत में लेकर कर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
पीसीआर कॉल के जरिए मिली सूचना
बता दें कि दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में 10 मई 2026 की सुबह लगभग 7 बजे पीसीआर कॉल के जरिए कालकाजी थाने को महिलाओं के साथ हुए विवाद की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एरोस होटल के पास स्थित एक चाय की दुकान के पास पहुंची। वहां पुलिस को दोनों पीड़ित महिलाएं मिलीं, जिनमें से एक असम और दूसरी बिहार की रहने वाली है।
शुरुआती जांच में क्या आया सामने?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित महिलाओं के साथ कुछ लोगों ने अभद्र टिप्पणी और गालियां दीं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़कर हाथापाई में बदल गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
महिलाओं को AIIMS ले जाया गया
दोनों पीड़ित महिलाओं को तत्काल AIIMS अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद थाना कालकाजी में FIR दर्ज की गई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 74, 126(2), 351(2), 78 तथा 3(5) के तहत पंजीकृत किया गया है और इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की है, जिसमें कई प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों की पहचान की गई है। इसके आधार पर पुलिस ने आठ लोगों (प्रत्यक्षदर्शी/राहगीरों) से पूछताछ की। पूछताछ और जांच के बाद चार मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई। इनमें से 3 को हिरासत में लिया गया है। अन्य को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।यहां के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में पहला मोहम्मद फहद, पुत्र मोहम्मद अनवर (उम्र 28 वर्ष) एक प्राइवेट संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। दूसरा आरोपी मोहम्मद सवेज, पुत्र वसीम खान पहले क्लबों में बाउंसर का काम करता था और वर्तमान में एक कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी के रूप में काम कर रहा है। तीसरा आरोपी मोहम्मद आरिफ, पुत्र मोहम्मद आजम (उम्र 33 वर्ष) नोएडा में एक मोबाइल शॉप में काम करता है। ये सभी आरोपी ओखला के जाकिर नगर, गली नंबर 45 के निवासी हैं। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है।
