Assam Flood: बारिश थमते ही बदले हालात, असम में बाढ़ का कहर हुआ थोड़ा कम; 6.5 लाख से ज्यादा लोग अब भी प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि कई प्रभावित इलाकों में जलस्तर घटने लगा है। हालांकि राज्य के छह जिलों में अब भी 6.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं और मृतकों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। राहत और बचाव अभियान तेजी से जारी है, जबकि केंद्र और राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Assam Flood: असम में बाढ़ की स्थिति में रविवार को थोड़ा-बहुत सुधार हुआ है। बताया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित अधिकांश क्षेत्रों में जलस्तर घट रहा है क्योंकि इन इलाकों में रातभर बारिश नहीं हुई। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य के छह जिलों में अब भी 6.50 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और इस वर्ष बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक अधिकारी ने बताया कि ऊपरी असम के अधिकांश बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों विशेषकर चराइदेव, शिवसागर और जोरहाट जिलों में जलस्तर घट रहा है। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि दिन के दौरान स्थिति में और सुधार होगा। इससे राहत कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।"

Assam Flood

असम में बाढ़ से राहत मिलने की उम्मीद जगी

6,54,800 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित

प्राधिकरण की ओर से मध्यरात्रि में जारी दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, चराइदेव, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव और शिवसागर जिलों में 6,54,800 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। शिवसागर बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित जिला है, जहां करीब 2.90 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। चराइदेव में 1.90 लाख और जोरहाट में 1.30 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को राज्य के नौ जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे। हालांकि, स्थिति में मामूली सुधार आया है। एएसडीएमए के मध्यरात्रि बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बाढ़ से चार और लोगों की मौत हो गई, जिससे इस वर्ष बाढ़ में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। इनमें शिवसागर में तीन और चराइदेव में एक व्यक्ति की मौत हुई।

End of Feed