Amroha News: अमरोहा में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां आए दिन कुत्तों के हमले की खबर सुनने को मिल रही है। ये खूंखार कुत्तें बच्चों को सबसे ज्यादा अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला गजरौला क्षेत्र के बहलोलपुर गांव से आया है। जहां आवारा कुत्तों ने सात साल की बच्ची को नोच-नोचकर बुरी तरह घायल कर दिया। जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का नाम दिव्यांशी है, जो बहलोलपुर गांव में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर टिंकू की बेटी है।
कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर किया हमला (सांकेतिक फोटो)
कुत्तों ने खेत पर बच्ची पर किया हमला
शुक्रवार को दिव्यांशी अपनी मां के साथ भट्ठे से खेत पर गई थी। लेकिन उसकी मां भट्ठे पर लौट आई और बच्ची खेत पर ही अकेले थी। जहां कुत्तों के झुंड ने उसे घेरकर हमला कर दिया और करीब आधे घंटे तक उसे नोचते रहे। जब आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने बच्ची की चीख सुनी, तो कुत्तों को लाठी-डंडों से भगाया। लेकिन तब तक बच्ची बुरी तरह से जख्मी हो गई। जिसे उसके परिवार के लोग सीएचसी ले गए, जहां उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दिव्यांशी ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें - 8 हजार वेतन 8 करोड़ की संपत्ति , माफिया का सफाईकर्मी निकला करोड़पति ; अतीक की काली कमाई का खुलासा
कुत्तों को पकड़ने का अभियाना जारी
डॉक्टर के मुताबिक बच्ची के शरीर के हर अंग पर कुत्तों के काटने के निशान मिले। उसकी गर्दन पर भी गहरे घाव मिले। जिसके चलते उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। जिस कारण उसकी मौत हो गई। अमरोहा के डीएम राजेश कुमार त्यागी ने इस घटना पर दुख जताया है और कहा है कि हिंसक कुत्तों को पकड़ने का अभियान जारी है। साथ ही इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी अलर्ट किया गया है। अमरोहा में इससे पहले भी आवारा कुत्तों के झुंड ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। जिससे ये लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जिले में कुत्तों के हमले से सबसे ज्यादा मौत बच्चो की हुई है।
