पंजाब में संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमृतसर देहाती पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीमापार तथा विदेशी तस्करों से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक युद्धस्तर की AK-47 राइफल, एक मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। समय रहते हुई इस बरामदगी से राज्य में किसी संभावित बड़ी वारदात या आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
2 हैंड ग्रेनेड और AK-47 राइफल बरामद
विदेशी तस्करों से जुड़े हैं तार, नेटवर्क की पड़ताल जारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ा गया आरोपी विदेश में बैठे आर्म्स सप्लायरों और तस्करों के सीधे संपर्क में था। वह पंजाब और आसपास के इलाकों में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त व डिलीवरी पहुंचाने का काम कर रहा था। पुलिस अधिकारी अब गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री किस रास्ते से भारतीय सीमा में दाखिल कराई गई थी और इसे आगे किन-किन आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाया जाना था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- संत प्रेमानंद की सुरक्षा पर खतरा? फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा- आश्रम में वर्चस्व की लड़ाई
थाना घरिंडा में FIR दर्ज, लिंक की जांच जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अमृतसर के थाना घरिंडा में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेस एक्ट की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अमृतसर देहाती पुलिस के अनुसार, जांच एजेंसियां अब इस पूरे गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही हैं ताकि सप्लायर से लेकर एंड-यूजर तक की पूरी चेन का पर्दाफाश किया जा सके। पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल तत्वों पर कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
