Amritsar Encounter: पंजाब के अमृतसर देहाती इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी करणबीर सिंह उर्फ 'करण' मारा गया है। आरोपी ने हाल ही में ड्यूटी पर जा रहे ASI जसवंत सिंह को गोली मारी थी और बाद में पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 14 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया वॉन्टेड क्रिमिनल
इनपुट मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस कस्टडी से भागा करणबीर किसी नई और बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में कंडोवालिया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर अमृतसर देहाती पुलिस की विशेष टीम ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर उसे सरेंडर करने को कहा। खुद को घिरा देख करणबीर ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग में दो पुलिस मुलाजिम गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करणबीर को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
कस्टडी से फरार होकर बना था सिरदर्द
11 सितंबर की रात अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात ASI जसवंत सिंह जब बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे, तब अजनाला-अमृतसर मेन रोड पर राजासांसी इलाके के पास बाइक सवार हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी थी। गनीमत रही कि गोली उनकी पगड़ी को छूकर निकल गई और वे बाल-बाल बच गए थे। जख्मी हालत में भी ASI खुद बाइक चलाकर थाने पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करणबीर को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, बुधवार रात जब पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए मजीठा इलाके में लेकर गई थी, तो वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया था, जिसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
TTH नाम के आतंकी संगठन से जुड़े थे तार
गौरतलब है कि ASI जसवंत सिंह पर हुए इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी 'तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान' (TTH) नामक आतंकी संगठन ने ली थी। यह आतंकी संगठन इससे पहले गुरदासपुर में भी एक ASI और होमगार्ड जवान की हत्या की जिम्मेदारी ले चुका है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और करणबीर के सहयोगियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
