Ajmer News: राजस्थान के अजमेर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक धोबी के नाम पर 598 करोड़ रुपये के हीरों के लेनदेन का खुलासा हुआ है। आयकर विभाग ने इस संदिग्ध लेनदेन के मामले में धोबी को नोटिस (IT Notice) जारी कर जवाब मांगा है। IT विभाग की कार्रवाई के बाद यह मामला बड़े फर्जीवाड़े की ओर इशारा कर रहा है।
सांकेतिक फोटो (iStock)
बैंक मैनेजर को भी IT नोटिस जारी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, रामगंज इलाके में रहने वाले जितेंद्र कुमार कपड़े धोकर और प्रेस कर अपना घर चलाते हैं। उनका कहना है कि उन्हें इस बैंक अकाउंट और उसमें हुए करोड़ों के लेनदेन के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह पुलिस थानों और वकीलों के चक्कर लगा रहे हैं, जिससे उनका काम पर भी असर पड़ रहा है। इस मामले में आयकर विभाग ने उस निजी बैंक के मैनेजर को भी नोटिस जारी किया है, जिसमें यह कथित तौर पर यह खाता है। जांच में यह पाया गया कि इस बैंक अकाउंट के माध्यम से बड़े पैमाने पर हीरों की खरीद-बिक्री से जुड़े लेनदेन किए गए हैं।
पैन कार्ड के गलत इस्तेमाल की आशंका
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, जितेंद्र कुमार के वकील राकेश थाडा ने बताया कि उनके जितेंद्र का पैन कार्ड करीब दो साल पहले पाली में एक कार्यक्रम के दौरान खो गया था। आशंका है कि उसी पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल कर किसी अज्ञात व्यक्ति या गिरोह ने यह फर्जी बैंक अकाउंट खोलकर करोड़ों रुपये के लेनदेन किए।
वकील ने यह भी बताया कि इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई का पता चल सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि इस फर्जी खाते का संबंध पाली के किसी व्यापारी और सूरत की एक डायमंड कंपनी से हो सकता है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
