Patna News: दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार सुबह पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय बर्ड स्ट्राइक की घटना का शिकार हो गई। लैंडिंग से ठीक पहले विमान से एक पक्षी टकरा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए रनवे का निरीक्षण कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे में विमान में सवार सभी 164 यात्री सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली से पटना पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट बर्ड स्ट्राइक का शिकार (प्रतीकात्मक फोटो)
सुबह इतने बसे हुई घटना
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 1741 दिल्ली से पटना पहुंची थी। विमान को सोमवार सुबह करीब 7:44 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग के दौरान पायलट को विमान से पक्षी के टकराने का पता चला। इसके बाद पायलट ने तत्काल एयरपोर्ट के अधिकारियों को संभावित बर्ड स्ट्राइक की जानकारी दी।
रनवे का किया गया निरीक्षण
सूचना मिलने के बाद विमान को किसी तरह की आपात स्थिति पैदा किए बिना सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारा गया। विमान के लैंड होने के तुरंत बाद एयरपोर्ट कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों ने रनवे का निरीक्षण किया। इस जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पक्षी के टकराने से रनवे पर कोई ऐसी वस्तु या स्थिति न बनी हो, जो बाद में उतरने या उड़ान भरने वाले विमानों के लिए जोखिम पैदा कर सके।
164 यात्री पूरी तरह सुरक्षित
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। बर्ड स्ट्राइक की इस घटना से फ्लाइट ऑपरेशन पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा और अन्य उड़ानों का संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि एयर इंडिया के विमान में मौजूद सभी 164 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों में किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति नहीं बनी। फिलहाल विमान से पक्षी टकराने की घटना को लेकर आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया पूरी की गई है।
