Agra News: आगरा के ताजमहल परिसर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक पर्यटक परिवार ने अपने बुजुर्ग सदस्य को कार में बंद कर ताजमहल घूमने निकल गए। यह घटना पश्चिमी पार्किंग क्षेत्र की है, जहां महाराष्ट्र नंबर प्लेट वाली एक कार में सात सदस्य आए थे। परिवार ने बुजुर्ग के हाथ गमछे से बांध दिए और उन्हें भीषण गर्मी में कार के भीतर बंद कर दिया।
परिवार ने बुजुर्ग सदस्य को कार में बंद कर छोड़ दिया (Photo: Canva)
गर्मी के कारण बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ती देख पार्किंग स्टाफ को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पर्यटन पुलिस को सूचना दी। पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर बुजुर्ग को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस भी बुलाई गई थी, लेकिन तभी परिवार के सदस्य लौट आए और बुजुर्ग को जबरन दोबारा कार में बैठाकर वहां से रवाना हो गए।
यह अमानवीय घटना न केवल पर्यटक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं की गिरावट को भी दर्शाती है। पर्यटन निरीक्षक कुंवर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि परिवार ने बुजुर्ग की असहायता को नजरअंदाज कर उन्हें जानबूझकर कार में छोड़ दिया था। स्थानीय प्रशासन अब इस मामले में कड़ी कार्रवाई पर विचार कर रहा है।
