Agra Cyber Crime: साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। अब साइबर ठगों ने सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। यह चौंकाने वाली खबर आगरा से सामने आई है। जहां साइबरों ठगों ने आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी का फर्जी व्हॉट्सएप अकाउंट बनाकर उनके परिचितों से पैसे की डिमांड की। इस मामले की जानकारी मिलते ही डीएम ने तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
डीएम बनकर मांगे परिचितों से पैसे
अपराधियों ने डीएम फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट पर उनका फोटो लगाया और खुद को जिलाधिकारी बताकर परिचितों से पैसे की मांग शुरू की। ठगों ने व्हॉट्सएप पर फर्जी नोटिस भेजे और आपातकालीन जरूरत का हवाला देकर रकम की डिमांड की। जब जिलाधिकारी के एक परिचित ने इस संदिग्ध मैसेज की जानकारी उन्हें दी, तो डीएम ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फर्जी व्हॉट्सएप अकाउंट को बंद करवा दिया है, हालांकि अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
साइबर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। यह घटना इस बात का स्पष्ट संकेत देती है कि साइबर ठग अब वरिष्ठ अधिकारियों को भी नहीं बख्श रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश को गंभीरता से लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
