Unnao Expressway Bus Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई। जिसमें एक दारोगा और कैदी भी शामिल है। वहीं 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया।
उन्नाव में बड़ा हादसा
दिल्ली से बिहार जा रही थी बस
यह हादसा औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से बिहार की ओर जा रही थी। तभी रास्ते में बस अचानक डिवाइडर से टकरा गई और पलटकर रेलिंग पर लटक गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कई यात्री बस की खिड़कियों से बाहर निकलकर जमीन पर जा गिरे। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी दुर्घटना की सूचना दी गई। जिसके बाद स्थानीय पुलिस, यूपीईडा (UPEIDA) की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। इस हादसे में दारोगा रामचंद्र और छत्रपाल नाम के कैदी की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक दारोगा रामचंद्र बिहार के सिवान से कैदी छत्रपाल को लेकर दिल्ली गए थे। जहां से वापस आते समय यह हादसा हो गया।
झपकी आने के कारण हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक ने नींद आने के कारण गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
