LIVE

शहरों के मुख्य समाचार, 24 May 2024 Highlights: दिल्ली के अलीपुर में कार्निवल रिजॉर्ट में लगी आग, छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

Pushpendra KumarUpdated May 24, 2024, 20:50 IST

शहरों के मुख्य  समाचार, 24 May 2024 Highlights: दिल्ली के अलीपुर में कार्निवल रिजॉर्ट में लगी आग, छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
शहरों के मुख्य समाचार, 24 May 2024 Highlights: दिल्ली के अलीपुर में कार्निवल रिजॉर्ट में लगी आग, छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

शहरों के मुख्य समाचार, आज के ताजा समाचार 24 May 2024 Highlights: छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में एक और नक्सली ढेर हो गया है। तेलंगाना के वनपर्ती जिले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के एक नेता की हत्या कर दी गई। वहीं, उज्जैन में टोल नाके से फिसलकर गिरी महिला को ट्रक ने कुचल दिया। उधर, हरियाणा के सोनीपत में दंपति और उनके तीन माह के बेटे की हत्या कर दी गई। मध्य प्रदेश में नर्सिंग घोटाले की जांच को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सीबीआई को घेरा। इसके अलावा राज्यों के मुख्य समाचार कुछ इस प्रकार हैं।

MAY 24, 2024 20:47 IST

उडुपी में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

उडुपी तालुका में शिरवा मनिबेट्टू के नजदीक आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात हुई घटना में रक्षित पुजारी की मौत हो गई।
MAY 24, 2024 20:04 IST

मराठवाड़ा के 51 तालुकों में भूजल स्तर नीचे आया

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के 76 तहसीलों में से 51 तहसील में भूजल स्तर तीन मीटर से नीचे चला गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि नांदेड़ जिले में स्थिति कुछ बेहतर है, जहां पिछले साल अन्य सात जिलों की तुलना में अच्छी बारिश हुई थी।
MAY 24, 2024 19:20 IST

मथुरा में रेलवे ट्रैक पर बिखरी मिली तीन लाशें

मथुरा में दिल्ली आगरा रेलवे ट्रैक पर तीन लाशें मिली हैं। लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
MAY 24, 2024 18:14 IST

राष्ट्रपति मुर्मू ने हरियाणा में बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को हरियाणा में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक जताया। हरियाणा के अंबाला में शुक्रवार तड़के एक मिनीबस और ट्रक की टक्कर होने से छह महीने की बच्ची समेत सात लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना अंबाला-दिल्ली राजमार्ग पर मोहड़ा गांव के पास हुई।
MAY 24, 2024 17:49 IST

जयपुर में जेल में बंद आरोपी ने की आत्महत्या

राजस्थान के ब्यावर जिले के जैतारण थाना क्षेत्र में अपहरण एवं सामूहिक दुष्कर्म के गिरफ्तार आरोपी ने गुरुवार देर रात थाने के लॉकअप में कंबल को काटकर उसका फंदा बनाया और उससे लटक कर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
MAY 24, 2024 16:30 IST

जम्मू-कश्मीर के सांबा में चलाया गया तलाशी अभियान

सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट कई गांवों में तलाशी अभियान चलाया।
MAY 24, 2024 15:34 IST

तमिलनाडु के पूर्व पुलिस महानिदेशक राजेश दास गिरफ्तार

तमिलनाडु के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक राजेश दास को उनसे अलग रह रही उनकी पत्नी बीला वेंकटेशन की शिकायत पर घर में घुसकर धमकी देने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
MAY 24, 2024 15:02 IST

दिल्ली के अलीपुर में कार्निवल रिजॉर्ट में लगी आग

MAY 24, 2024 11:43 IST

आगरा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर ‘बुलेट' सवार युवक की मौत

इटावा जिले के ऊसराहार थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर कुदरैल पुलिस चौकी के निकट डिवाइडर से टकराकर ‘बुलेट’ मोटर साइकिल सवार युवक की मौत हो गयी। वह कोलकाता से आगरा जा रहा था।
MAY 24, 2024 09:10 IST

अंबाला रोड एक्सीडेंट में 7 लोगों की मौत, 20 घायल, पढ़ें पूरी खबर

हरियाणा राज्य के अंबाला में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबाला-दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग (अंबाला NDI प्लाजा मोहड़ा जी टी ) पर एक बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग बुरी तरह घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर
MAY 24, 2024 07:48 IST

आज दिन भर कैसा रहेगा देश का मौसम, पढ़ें पूरी खबर

आज दिन भर कैसा रहेगा देश का मौसम, पढ़ें पूरी खबर
MAY 24, 2024 05:52 IST

नीमच में जिला अस्पताल में भर्ती नहीं करने पर महिला ने ऑटो रिक्शा में बच्चे को दिया जन्म

मध्य प्रदेश के नीमच जिला अस्पताल में ‘एनेस्थेटिस्ट’ के नहीं होने से भर्ती करने से इनकार के बाद 30 वर्षीय एक महिला ने ऑटो रिक्शा में बच्चे को जन्म दिया। हालांकि, जच्चा और बच्चा को बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया और वे ठीक हैं। जिलाधिकारी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
MAY 24, 2024 05:51 IST

दिल्ली पुलिस ने चुनाव बहिष्कार के नारों के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज कीं

दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में कई स्थानों पर दीवारों पर चुनाव बहिष्कार के नारे लिखे पाए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। भगत सिंह छात्र एकता मंच (बीएससीईएम) ने दीवारों पर लिखे "एक ही रास्ता नक्सलबाड़ी" जैसे नारों की जिम्मेदारी ली है। स्व-घोषित युवा संगठन ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर नारों की तस्वीरें पोस्ट की थीं।
MAY 24, 2024 05:35 IST

मध्य प्रदेश: नर्सिंग घोटाले की जांच को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सीबीआई को घेरा

विपक्षी कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) पर हमला करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कथित नर्सिंग घोटाले की जांच को ‘‘दबाने’’ के लिए केंद्रीय एजेंसी के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद उसका ‘‘असली चेहरा’’ उजागर हो गया है। कांग्रेस ने कहा कि वह इस मुद्दे को प्रदेश की विधानसभा में उठाएगी।
MAY 24, 2024 05:35 IST

सोनीपत में दंपति और उनके तीन माह के बेटे की हत्या

हरियाणा के सोनीपत जिले में बृहस्पतिवार को दंपति और उनके तीन माह के बेटे की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बिंदरौली गांव की है और मृतकों की पहचान अमरदीप, उनकी पत्नी मधु और बेटे शिवम (तीन माह) के रूप में हुई है। उसने बताया कि अमरदीप ने अंतरजातीय विवाह किया था।
MAY 24, 2024 05:35 IST

तेलंगाना में बीआरएस नेता की हत्या

तेलंगाना के वनपर्ती जिले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के एक नेता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बीआरएस नेता के परिवार ने इस वारदात को राजनीति से प्रेरित बताया है। पुलिस ने बताया कि वनपर्ती जिले के लक्ष्मीपल्ली गांव में बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात कुछ अज्ञात लोगों ने अपने घर के बाहर सो रहे श्रीधर रेड्डी (55) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई।
MAY 24, 2024 05:35 IST

उज्जैन में टोल नाके से फिसलकर गिरी महिला, ट्रक ने कुचला

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में बृहस्पतिवार को एक टोल नाके की 28 वर्षीय महिला कर्मचारी की काउंटर के पास फिसलकर गिरने के बाद ट्रक से कुचलकर मौत हो गई।
MAY 24, 2024 05:35 IST

गुरुग्राम में लड़की ने इमारत से कूदकर आत्महत्या की

हरियाणा के गुरुग्राम में 18 वर्षीय एक लड़की ने आवासीय सोसाइटी की 15वीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका की पहचान सुभी के रूप में हुई है जो सेक्टर 37 डी की रामप्रस्थ सोसाइटी में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।