उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप,पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड; इन राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट
Aaj ka Mausam 18 January 2026 (दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड में आज मौसम कैसा है?, IMD की चेतावनी ) Live News Today Updates: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ ही घने कोहरे का प्रकोप भी जारी है। दिल्ली-एनसीआर बीते कुछ दिनों से घने कोहरे की चपेट में हैं। जिसके कारण कुछ जगहों पर विजिबिलिटी लगभग जीरो देखने को मिल रही है। साथ ही सर्द हवाओं के कारण सुबह-शाम ठिठुरन का दौर जारी है। वहीं यूपी, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों में शीतलहर का कहर जारी है। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कश्मीर में ठंड और बढ़ गई है और तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप,पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड; इन राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट
Aaj ka Mausam 18 January 2026 LIVE: घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 जनवरी तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना अधिक है। 20 जनवरी 2026 तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में घना कोहरा बना रहेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और बिहार में 21 जनवरी तक, पश्चिम राजस्थान में 19 जनवरी तक, और दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 20 जनवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 19 से 21 जनवरी के बीच, और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में 19 जनवरी को शीतलहर पड़ने की संभावना बहुत अधिक है।
Aaj ka Mausam 18 January 2026 LIVE: न्यूनतम तापमान का अनुमान
दिल्ली में आज सुबह 5.3 डिग्री रहा तापमान
राजस्थान में बारिश के आसार
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान के कुछ भाग में 22 से 24 जनवरी के दौरान एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने व पाला पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 22 से 23 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भाग में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। 23 से 24 जनवरी को शेखावाटी क्षेत्र व जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भाग में भी मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कश्मीर में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में शनिवार और रविवार (17 और 18 जनवरी) को ऊंचाई वाले कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि 19 और 20 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। 21 जनवरी को ऊंचाई वाले कुछ छिटपुट इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जिसके बाद 25 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही चेनाब घाटी, पीर-पंजाल श्रेणी और दक्षिण कश्मीर के कुछ जिलों में 23 से 24 जनवरी के बीच भारी बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं।
राजस्थान में शीतलहर से राहत
राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को शीतलहर से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय राज्य के अधिकतर भाग में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। अगले हफ्ते राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा शहर
पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पटियाला में दिन का सबसे कम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमशः पांच, 5.5 और पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार और शुक्रवार को बठिंडा का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री से नीचे रहा।
हरियाणा में भीषण ठंड जारी
हरियाणा में पिछले दो दिनों में तापमान में मामूली वृद्धि हुई है, हालांकि कई स्थानों पर पारा सामान्य स्तर से नीचे ही रहा। राज्य में भीषण ठंड का सिलसिला जारी है, जिसके कारण सुबह के समय कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो जाती है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
कश्मीर में जारी चिल्ला-ए-कलां का दौर
कश्मीर घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जो 40 दिन की भीषण ठंड की अवधि होती है। इस दौरान हिमपात की संभावना सबसे अधिक होती है इसके साथ ही रात का तापमान भी अक्सर हिमांक बिंदु के नीचे पहुंच जाता है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और यह 30 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद ‘चिल्ला-खुर्द’ और ‘चिल्लई-ए-बच्चा’ शुरू होगा। मौसम विभाग ने कहा है कि एक के बाद एक आने वाले पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर को प्रभावित करेंगे, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
कश्मीर में बढ़ा ठंड का प्रकोप
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से यहां ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में विशेष रूप से घाटी के ऊपरी इलाकों में बारिश या बर्फबारी का अनुमान जताया है। श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात दर्ज किए गए तापमान (शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे) की तुलना में कम है। दक्षिण कश्मीर का शोपियां, घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा गिरकर शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया।
