राबड़ी देवी के आवास के मुद्दे पर अब राजनीति तेज है, इस मामले को लेकर जेडीयू और आरजेडी आमने-सामने नजर आ रही हैं। जेडीयू नेता नीरज कुमार ने राबड़ी देवी के आवास में गुप्त तहखाने में जमीन के कागजात और कैश छिपाने का आरोप लगाया है वहीं आरजेडी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सघन जांच की चुनौती दी और नीरज कुमार से राजनीति छोड़ने को कहा है।
बता दें कि पटना के 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने पर राजनीति गरमाई हुई है। जेडीयू ने आरोप लगा दिया है कि आवास खाली कराए जाने के बाद उसकी खुदाई सरकार कराए ताकि वहां का सच सामने आ सके।
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राबड़ी देवी के आवास में एक गुप्त तहखाना हो सकता है, नीरज कुमार के मुताबिक 'इस तहखाने में जमीन के कागजात, भारी मात्रा में कैश और ज्वेलरी छिपाकर रखी गई हो सकती है, उन्होंने मांग की है कि आवास से बाहर ले जाए जा रहे सामान की सघन जांच होनी चाहिए'
JDU नेता नीरज कुमार के बयान पर जन शक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा, 'जांच होने दीजिए। (राबड़ी देवी के घर पर) बेसमेंट है या नहीं, यह सामने आ जाएगा। जब हम वहां थे, तब कोई बेसमेंट नहीं था। बेसमेंट है या नहीं, यह जांच का मामला है।'
तहखाने होने की आशंका जताते हुए खुदाई की मांग
नीरज कुमार ने आवास में तहखाने होने की आशंका जताते हुए खुदाई की मांग की है। उन्होंने शौचालय की टोंटी तक ले जाने और 'चारा' चोरी का तंज भी कसा है।
'39 हार्डिंग रोड' पर आवास आवंटित कर दिया
विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब 25 नवंबर को भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को अलॉट किया गया '10 सर्कुलर रोड' का बंगला बदलकर उन्हें '39 हार्डिंग रोड' पर आवास आवंटित कर दिया। इसके करीब 1 महीने बाद, जब राबड़ी आवास से वाहनों में सामान बाहर निकलते देखा गया उसके बाद से ही इस तरीके की बातें सामने आने लगीं।
