पीपीएफ यानी पब्लिक प्रोविडेंट फंड एक सरकारी बचत स्कीम है, जो लंबे समय तक सुरक्षित निवेश करना चाहने वालों के लिए बेहतरीन विकल्प है। इसमें 500 रुपए से लेकर सालाना 1.5 लाख रुपए तक जमा किया जा सकता है और यह 15 साल के लिए लॉक-इन रहता है। मौजूदा समय में इस पर 7.1% का ब्याज मिलता है और यह ईईई (EEE) कैटेगरी में आता है, यानी निवेश, ब्याज और मैच्योरिटी तीनों ही जगह टैक्स बचत होती है। लेकिन पीपीएफ के कुछ ऐसे पहलू भी हैं, जो आम निवेशक अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। अगर आप भी PPF में निवेश करते हैं या करने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। आइए PPF की आपको 5 ऐसी बातें बताते हैं जो आपको नहीं पता होंगी।
5 बातें नहीं जानते होंगे आप
1. एक से ज्यादा अकाउंट नहीं खुलवाया जा सकता
पीपीएफ में आप केवल एक अकाउंट ही खोल सकते हैं। अगर गलती से दो अकाउंट खुल जाएं, तो दूसरा अकाउंट वैध नहीं माना जाएगा। दोनों अकाउंट को मर्ज किए बिना उस पर ब्याज भी नहीं मिलेगा।
2. ब्याज दर बदलती रहती है
पीपीएफ की ब्याज दर समय-समय पर बदलती रहती है। अप्रैल-जून 2019 में यह 8% थी, फिर 7.9% और जनवरी-मार्च 2020 में इसे 7.1% कर दिया गया। वर्तमान में यह 7.1% पर स्थिर है, लेकिन भविष्य में यह और कम हो सकती है।
3. निवेश की अधिकतम सीमा
सालाना निवेश की लिमिट सिर्फ 1.5 लाख रुपए है। अगर आपकी आय ज्यादा है और आप इससे अधिक निवेश करना चाहते हैं, तो आपको अन्य निवेश विकल्पों पर नजर डालनी होगी।
4. जॉइंट अकाउंट का विकल्प नहीं
पीपीएफ में जॉइंट अकाउंट नहीं खुलाया जा सकता। हालांकि, आप कई नॉमिनी तय कर सकते हैं और उनके हिस्से अलग-अलग रख सकते हैं। अकाउंट होल्डर की मृत्यु होने पर नॉमिनी को रकम निकालने का अधिकार होता है।
5. लंबा लॉक-इन पीरियड
पीपीएफ में निवेश का लॉक-इन पीरियड 15 साल है। बीच में जरूरत पड़ने पर आप 5 साल बाद कुछ विशेष परिस्थितियों में आंशिक निकासी कर सकते हैं,लेकिन पूरी रकम तुरंत नहीं निकाल सकते।
