Trump Tariff Bomb: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जब से दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं, ग्लोबल इकोनॉमी को एक के बाद एक झटके दे रहे हैं। यह जानबूझकर किया जा रहा है या उनके काम करने के अंदाज का साइड इफैक्ट है यह एक अलग बहस का विषय है। लेकिन, फिलहाल जब दुनिया अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते होर्मुज स्ट्रेट बंद हो जाने से एनर्जी संकट से जूझ रही है। वहीं, ट्रंप ने इस संकट के खत्म होने से पहले ही फार्मा और मेटल सेक्टर पर टैरिफ बम फोड़ दिया है। ट्रंप के इस फैसले ने वैश्विक बाजार में हलचल बढ़ा दी है और भारतीय कंपनियों के लिए भी जोखिम पैदा कर दिया है, खासतौर पर एक्सपोर्ट और मार्जिन के मोर्चे भारतीय कंपनियों को झटका लग सकता है।
ट्रंप ने किया अब टैरिफ वाला हमला
ट्रंप ने अभी क्या किया?
अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने 2 अप्रैल, 2026 को साइन किए गए ऑर्डर में ऐलान किया है कि 31 जुलाई, 2026 से आयातित पेटेंटेड ब्रांडेड (Imported Branded Patented) दवाओं पर 100% तक टैरिफ लगाया जाएगा, खासतौर पर उन कंपनियों पर, जो US में कीमतें कम नहीं करतीं हैं, या लोकल मैन्युफैक्चरिंग नहीं लाती हैं। इसके साथ ही कहा गया है कि जो कंपनियां US में प्लांट लगाने को तैयार होंगी, उन्हें शुरुआत में करीब 20% टैरिफ देना पड़ेगा। हालांकि, जेनरिक दवाएं फिलहाल इससे बाहर रखी गई हैं। इसके साथ ही मेटल सेक्टर में स्टील, एल्युमिनियम और कॉपर पर पहले से लग रहे करीब 50% टैरिफ को सख्ती से लागू करने और वैल्यूएशन नियम बदलने का फैसला किया गया है, जिससे आयात महंगा होगा और वैश्विक कीमतों पर असर पड़ेगा।
क्या है असली मकसद
ट्रंप का यह कदम केवल ट्रेड बैलेंस सुधारने तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे रणनीतिक दबाव के तौर पर भी देखा जा रहा है। दवाओं पर 100% तक टैरिफ की चेतावनी और मेटल आयात नियमों को सख्त करना इस बात का संकेत है कि अमेरिका अपनी घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए सख्त रुख अपना रहा है। इससे वैश्विक सप्लाई चेन में बदलाव और कीमतों में अस्थिरता बढ़ना तय है।
भारतीय कंपननियों के लिए क्या चिंताजनक?
ऑर्डर में सबसे चिंताजनक बात आयातित दवाओं को “नेशनल सिक्योरिटी” के लिए खतरा करार दिया गया है। इसी आधार पर 100% टैरिफ लगाने का प्रावधान किया गया है । इसके साथ ही कंपनियों पर दबाव डाला गया है कि वे US में ही मैन्युफैक्चरिंग शिफ्ट करें, वरना भारी टैरिफ झेलें। यह सीधे तौर पर भारत जैसे बड़े एक्सपोर्टर के लिए जोखिम है, क्योंकि इससे भारतीय कंपनियों का US मार्केट में बिजनेस महंगा और कम प्रतिस्पर्धी हो सकता है। सबसे अहम संकेत यह है कि अभी भले ही जेनरिक दवाओं को छूट दी गई है, लेकिन ऑर्डर में “at this time” कहा गया है , जिससे साफ है कि आगे चलकर पूरे भारतीय फार्मा सेक्टर पर भी टैरिफ का खतरा बढ़ सकता है।
Pharma सेक्टर: कहां और कैसे लगेगा झटका
Sun Pharmaceutical Industries और Dr. Reddy’s Laboratories जैसी कंपनियां इस फैसले से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकती हैं। अमेरिका का टारगेट मुख्य रूप से ब्रांडेड और पेटेंटेड दवाएं हैं, जहां कीमतें ज्यादा होती हैं। Sun Pharma का specialty portfolio और Dr Reddy’s की कॉम्प्लेक्स ड्रग्स पाइपलाइन इसे जोखिम में लाती है। हालांकि, भारत की बड़ी ताकत जेनरिक दवाएं हैं, जिन्हें फिलहाल राहत मिली है, लेकिन अगर भविष्य में यह दायरा बढ़ता है तो पूरा सेक्टर दबाव में आ सकता है। Cipla और Glenmark Pharmaceuticals जैसी कंपनियों पर असर सीमित, लेकिन सेंटिमेंट ड्रिवन रह सकता है।
Metal सेक्टर: क्यों असर ज्यादा गहरा है
Tata Steel और JSW Steel पर इस फैसले का असर ज्यादा व्यापक दिखता है। अमेरिका में टैरिफ बढ़ने से स्टील और एल्युमिनियम की सप्लाई अन्य बाजारों जैसे यूरोप और एशिया की ओर शिफ्ट हो सकती है। इससे वहां ओवर सप्लाई बनेगी और कीमतों पर दबाव आएगा। Tata Steel का यूरोप एक्सपोजर इसे सबसे ज्यादा संवेदनशील बनाता है, जबकि JSW Steel ग्लोबल कीमतों से जुड़ा होने के कारण गिरावट का सीधा असर झेलेगा। वहीं, Hindalco Industries और Vedanta Ltd पर असर सीधे टैरिफ से नहीं बल्कि कमोडिटी कीमतों के जरिए आएगा। Hindalco की US subsidiary Novelis इसे आंशिक सुरक्षा देती है, लेकिन एल्यूमिनियम कीमतों में उतार-चढ़ाव जोखिम बना रहेगा। वहीं Vedanta के लिए वैश्विक कीमतों में गिरावट का मतलब सीधा कमाई पर असर हो सकता है।
कीमतों में गिरावट और मार्जिन क्रंच
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा असर ग्लोबल कीमतों पर पड़ सकता है। मेटल सेक्टर में oversupply और फार्मा में pricing pressure दोनों ही भारतीय कंपनियों के मार्जिन को प्रभावित करेंगे। इसके अलावा, अगर कंपनियां अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने के लिए मजबूर होती हैं, तो उनका कैपेक्स भी बढ़ सकता है, जिससे शॉर्ट-टर्म में प्रॉफिटेबिलिटी प्रभावित होगी। यह टैरिफ कदम भारतीय कंपनियों के लिए दोहरी चुनौती लेकर आया है। फार्मा में जहां चुनिंदा कंपनियां सीधे निशाने पर हैं, वहीं मेटल सेक्टर में इसका असर पूरे उद्योग पर फैल सकता है। Sun Pharma और Dr Reddy’s पर सीधा दबाव दिख सकता है, जबकि Tata Steel और JSW Steel पर कीमतों के जरिए असर आएगा। कुल मिलाकर, यह फैसला भारतीय बाजार के लिए नई अनिश्चितता और जोखिम का संकेत है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
