Reliance, HDFC Bank और TCS जैसे ब्लूचिप शेयर लंबे समय से निवेशकों के भरोसे का आधार रहे हैं। मार्केट कैप के लिहाज से देखें, तो तीनों अपने-अपने सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनियां हैं। लेकिन हाल के आंकड़े तस्वीर बदलते दिख रहे हैं। 5 साल के रिटर्न और 2026 की गिरावट यह संकेत दे रही है कि बड़े नाम अब उतनी तेजी से पैसा नहीं बना पा रहे।
नाम बड़े रिटर्न छोटे
भारतीय बाजार के तीन बड़े स्तंभ Reliance, HDFC Bank और TCS अब रिटर्न के मोर्चे पर दबाव में दिख रहे हैं। जहां इन कंपनियों से लगातार कंपाउंडिंग की उम्मीद रहती है, वहीं हालिया आंकड़े बताते हैं कि ग्रोथ की रफ्तार धीमी हो गई है। तीनों कंपनियों में सिर्फ रिलायंस है, जिसके शेयर ने निवेशकों को 5 साल में पॉजिटिव CAGR दिया है। हालांकि, यह भी उम्मीद से काफी कम है।
Reliance: पूरी नहीं हुई उम्मीद
Reliance का शेयर पिछले 5 साल में करीब 42% चढ़ा है, जो सालाना करीब 7–8% CAGR के आसपास बैठता है। यह रिटर्न इक्विटी निवेश के लिहाज से बहुत ही औसत माना जाएगा। खासतौर पर रिलायंस के शेयर से निवेशकों को यह उम्मीद नहीं रहती है, क्योंकि यह देश की सबसे बड़ी कंपनी है और ऑयल से लेकर डाटा तक हर हाई डिमांड और इमर्जिंग सेक्टर में कंपनी का बिजनेस फैला है। लेकिन, चौंकाने वाली बात यह है कि 2026 में अब तक शेयर करीब 10% गिर चुका है। इसका मतलब है कि हाल की परफॉर्मेंस ने लॉन्ग टर्म रिटर्न को भी दबाव में ला दिया है।
HDFC: 5 साल में शून्य
HDFC Bank का प्रदर्शन और ज्यादा कमजोर नजर आता है। पिछले 5 साल में शेयर सिर्फ 2.66% ही बढ़ा है, जो लगभग फ्लैट रिटर्न को दिखाता है। जबकि, 5 Year CAGR फिलहाल 0 है। यानी 5 साल पहले अगर किसी निवेशक ने HDFC के शेयर में निवेश किया, तो आज भी उसे निवेश को कोई रिटर्न नहीं मिला है। वहीं, 2026 में अब तक करीब 23% की गिरावट यह संकेत देती है कि बैंकिंग दिग्गज ट्रांजिशन और दबाव के दौर से गुजर रहा है। निवेशकों के लिए यह रिटर्न निराशाजनक रहा है।
TCS: उम्मीदों पर फेरा पानी
TCS का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चौंकाने वाला है। पिछले 5 साल में शेयर करीब 21% गिरा है, यानी CAGR निगेटिव रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं, 2026 में अब तक शेयर करीब 25% टूट चुका है। यह साफ संकेत है कि IT सेक्टर में ग्लोबल स्लोडाउन का असर सीधे कंपनी के वैल्यूएशन और रिटर्न पर पड़ा है।
CAGR ने दिखाई असली तस्वीर
5 साल का CAGR यह दिखाता है कि निवेशक का पैसा वास्तव में कितनी गति से बढ़ा या घटा। Reliance में सीमित ग्रोथ, HDFC में ठहराव और TCS में गिरावट बताती है ब्लूचिप शेयर अब पहले जैसे वेल्थ क्रिएटर नहीं कर रहे। यह ट्रेंड साफ करता है कि बाजार में अब रिटर्न का फोकस बदल चुका है। मिडकैप और नए सेक्टर्स में तेजी है, जबकि लार्जकैप शेयर स्थिर लेकिन धीमी चाल में हैं। हालांकि, इन कंपनियों की बुनियाद मजबूत है और ये स्थिरता देती हैं, लेकिन हाई ग्रोथ की तलाश में निवेशकों को पोर्टफोलियो रणनीति पर दोबारा सोचने की जरूरत हो सकती है।
पांच साल से YTD शेयरों में ग्रोथ नहीं
बढ़ते आकार के साथ धीमे हुए
मार्केट के ये ‘त्रिमूर्ति’ कमजोर नहीं, बल्कि धीमे हो गए हैं। 5 साल के रिटर्न और हालिया गिरावट यह दिखाती है कि अब सिर्फ बड़े नामों पर भरोसा करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि डेटा और ग्रोथ दोनों को साथ देखकर निवेश करना होगा।
डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
