Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Explainer: सेफ हेवन की दौड़ तेज, सोना-चांदी ने फिर दिखाया दम, क्या 2025 की तेजी 2026 में भी रहेगी बरकरार?

Gold-Silver Prices: 2025 में सोने और चांदी में आई जोरदार तेजी के बाद इस साल भी तेजी बने रहने की उम्मीद है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और इंडस्ट्रियल सेक्टर से मजबूत डिमांड की वजह से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिल रहा है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशक फिर से सोने और चांदी की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

Image
Photo : iStock
सोना-चांदी की चमक बरकरार, गोल्ड ऑलटाइम हाई के करीब, सिल्वर में जबरदस्त ब्रेकआउट
Authored by: Ramanuj Singh
Updated Jan 11, 2026, 08:49 IST
Follow on Google News

Gold-Silver Prices: सोने और चांदी में पिछले साल यानी 2025 में देखी गई जोरदार तेजी इस साल भी जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है। बाजार एक्सपर्ट्स का कहना है कि सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की बढ़ती मांग और इंडस्ट्रियल सेक्टर से मजबूत डिमांड की वजह से कीमती धातुओं को लगातार सपोर्ट मिल रहा है। शनिवार को जारी एनालिस्ट रिपोर्ट में कहा गया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशक फिर से सोने और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं।

गोल्ड फ्यूचर्स और हाजिर बाजार में मजबूती

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स में इस हफ्ते अच्छी तेजी दर्ज की गई। गोल्ड फ्यूचर्स का भाव बढ़कर 1,38,875 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि पिछले हफ्ते इसका क्लोजिंग प्राइस 1,35,752 रुपये था। वहीं, हाजिर बाजार में 24 कैरेट सोने का दाम भी बढ़कर 1,37,122 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो एक हफ्ते पहले 1,34,782 रुपये था। इस तरह एक हफ्ते में सोने की कीमत में 2,300 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है।

सोना ऑल-टाइम हाई के करीब

हाजिर बाजार में सोने का भाव अपने ऑल-टाइम हाई के काफी करीब कारोबार कर रहा है। IBJA के अनुसार, सोने का अब तक का उच्चतम स्तर 1,37,956 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। कैरेट के हिसाब से देखें तो 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,25,604 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो पहले 1,23,460 रुपये थी। वहीं, 18 कैरेट सोने का दाम 1,01,087 रुपये से बढ़कर 1,02,842 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है।

gold

gold

चांदी में जबरदस्त उछाल, मजबूत बुलिश ट्रेंड

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी इस हफ्ते जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। MCX पर मार्च एक्सपायरी वाली सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट की कीमत बढ़कर 2,52,002 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। इससे यह साफ हो गया है कि चांदी ने अपनी हाल की कंसोलिडेशन रेंज से मजबूत ब्रेकआउट दिया है और दोबारा बुलिश चैनल में प्रवेश कर लिया है। हाजिर बाजार में भी चांदी का दाम 8,258 रुपये की बढ़त के साथ 2,42,808 रुपये प्रति किलो हो गया है, जो पहले 2,34,550 रुपये प्रति किलो था।

silver

silver

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिल रहा सपोर्ट

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी में तेजी का रुख बना हुआ है। इस हफ्ते सोने का दाम 4,345 डॉलर प्रति औंस से बढ़कर 4,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत 71.30 डॉलर प्रति औंस से बढ़कर करीब 79 डॉलर प्रति औंस हो गई है। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, कॉमेक्स पर सोना रिकॉर्ड ऊंचाई से थोड़ा नीचे जरूर है, लेकिन कई हफ्तों की मजबूत रैली के बाद भी यह मजबूती से टिका हुआ है।

चांदी को क्यों मिल रहा ज्यादा सपोर्ट

एक्सपर्ट्स का कहना है कि चांदी में निवेशकों का सेंटिमेंट बेहद मजबूत बना हुआ है। इसकी बड़ी वजह लगातार सप्लाई में कमी, सेंट्रल बैंकों की रिकॉर्ड खरीदारी और ग्रीन एनर्जी सेक्टर से बढ़ती मांग है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में चांदी की खपत तेजी से बढ़ रही है।

2025 में मिला शानदार रिटर्न

अगर पूरे साल 2025 की बात करें तो सोने और चांदी ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। इस दौरान सोने में करीब 66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि चांदी ने 171 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया। आने वाले समय में जानकारों का मानना है कि सोना 1,36,500 से 1,39,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की रेंज में रह सकता है, जबकि चांदी में मजबूत इंडस्ट्रियल डिमांड के चलते तेजी का रुख बना रह सकता है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है निवेश की सलाह नहीं है। अगर आपको निवेश करना है तो एक्सपर्ट्स से संपर्क करें।)

End of Article