2000 Rupee Notes Update: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा 2000 रुपये मूल्यवर्ग के नोटों को वापस लेने की घोषणा को दो साल बीत चुके हैं, लेकिन अब भी कुल ₹6,099 करोड़ मूल्य के नोट चलन में हैं। आरबीआई के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 30 जून 2025 तक 98.29% ₹2000 के नोट वापस लिए जा चुके हैं। यह संख्या 19 मई 2023 को कुल ₹3.56 लाख करोड़ रुपये थी, जब इन नोटों को वापस लेने का फैसला लिया गया था।
2000 रुपये के नोटों पर आया नया अपडेट
2000 रुपये के नोट अब भी वैध, लेकिन...
आरबीआई ने यह स्पष्ट किया है कि 2000 रुपये के नोट अब भी कानूनी रूप से वैध (Legal Tender) हैं। इसका मतलब है कि इन्हें लेनदेन में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठानों और लोगों ने इनका इस्तेमाल बंद कर दिया है, जिससे यह नोट धीरे-धीरे चलन से बाहर हो रहे हैं।
बैंकों में बदलने की सुविधा बंद, लेकिन RBI में अब भी संभव
सात अक्टूबर 2023 तक 2000 रुपये के नोटों को सभी बैंक शाखाओं में जमा कराने या बदलने की सुविधा दी गई थी। हालांकि अब यह सेवा केवल भारतीय रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। लोग इन कार्यालयों में जाकर नोट जमा कर सकते हैं या फिर एक वैकल्पिक तरीका अपनाकर भारतीय डाक के माध्यम से नोट भेज सकते हैं।
डाक से भेजकर बैंक खाते में जमा
अगर किसी व्यक्ति के पास अब भी 2000 रुपये के नोट हैं, तो वह इन्हें भारतीय डाक द्वारा आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय को भेज सकता है। ये नोट व्यक्ति के दिए गए बैंक खाते में जमा कर दिए जाएंगे, जिससे नगद लेनदेन की जरुरत नहीं पड़ेगी।
क्या है आगे की राह?
हालांकि आरबीआई ने इन नोटों को पूरी तरह से अमान्य नहीं किया है, लेकिन यह स्पष्ट है कि सरकार और आरबीआई की मंशा इन्हें धीरे-धीरे पूरी तरह चलन से बाहर करने की है। ऐसे में जिनके पास अब भी ये नोट हैं, उन्हें जल्द से जल्द इसे जमा कर देना चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। (भाषा इनपुट के साथ)
