Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Explainer: पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में कैसे करें आवेदन, 125 दिन काम करने पर कितनी होगी कमाई?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने ग्रामीण रोजगार से जुड़ी एक बड़ी पहल करते हुए मनरेगा (MGNREGA) का नाम बदलकर पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही सरकार ने रोजगार की गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया है, जिससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को ज्यादा दिनों तक काम और आमदनी का सहारा मिलेगा।

Image
Pujya Bapu Gramin Rojgar Yojana
Authored by: Richa Tripathi
Updated Dec 13, 2025, 13:15 IST
Follow on Google News

ग्रामीण भारत के लोगों को रोजगार की गारंटी देने वाली मनरेगा योजना में सरकार ने बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA) का नाम बदलकर पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (PBNREGA) रखने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही योजना के तहत मिलने वाले रोजगार के दिनों को 100 दिन की रोजगार गारंटी को बढ़ाकर 125 दिन करने का फैसला लिया है। यानी ग्रामीण इलाकों में जरूरतमंद लोगों को अब कम से कम 100 दिन की बजाय 125 दिन का काम मिलेगा। संसद से मंजूरी मिलने के बाद यह बदलाव लागू होंगे।

इस फैसले का सीधा फायदा ग्रामीण इलाकों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा, जिन्हें अब साल में ज्यादा दिन काम और ज्यादा आय का मौका मिलेगा। आवेदन की प्रक्रिया पहले जैसी ही सरल रखी जाएगी, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। ऐसे में आइए आपको बताते हैं कि इस योजना में कौन कैसे अप्लाई कर सकता है और 125 दिन काम करने पर कितनी कमाई होगी?

कौन कर सकते हैं आवेदन?

पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना उन लोगों के लिए है जो बेरोजगार हैं और मजदूरी करके अपनी आजीविका चलाना चाहते हैं। इस योजना के तहत गांव के किसी भी गरीब परिवार के सभी वयस्क सदस्य आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं।

आवेदन करने वाला व्यक्ति भारतीय नागरिक होना चाहिए। योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को ही मिलेगा। आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी जरूरी है। इसके अलावा, योजना का लाभ लेने के लिए जॉब कार्ड होना अनिवार्य है, जो ग्राम पंचायत में पंजीकरण कराने के बाद बनता है।

PBGRGY

PBGRGY

इन डॉक्यूमेंट की पड़ेगी जरुरत

इस योजना के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। इनमें आधार कार्ड, राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बैंक या डाकघर खाते की पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और अगर लागू हो तो जाति प्रमाण पत्र शामिल हैं। सबसे अहम दस्तावेज जॉब कार्ड है, जिसके बिना रोजगार नहीं मिल सकता।

ऑफलाइन आवेदन कैसे करें?

अगर आप ऑनलाइन आवेदन नहीं करना चाहते हैं, तो आप ऑफलाइन भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आपको अपनी ग्राम पंचायत में जाना होगा। वहां आप आवेदन फॉर्म भर सकते हैं या मौखिक रूप से भी आवेदन कर सकते हैं। पंचायत कर्मचारी आपके परिवार के सभी वयस्क सदस्यों का नाम, उम्र और पता दर्ज करेंगे।

इसके बाद ग्राम पंचायत आपके दस्तावेजों और पात्रता की जांच करेगी। अगर आवेदन सही पाया गया, तो 15 दिनों के भीतर आपका जॉब कार्ड जारी कर दिया जाएगा। जॉब कार्ड में परिवार के सभी वयस्क सदस्यों की फोटो और जानकारी दर्ज होती है।

ऑनलाइन आवेदन करने का तरीका

ऑनलाइन आवेदन के लिए आपको मनरेगा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। भविष्य में योजना का नाम बदलने के साथ वेबसाइट में बदलाव हो सकता है, लेकिन प्रक्रिया लगभग वही रहेगी। वेबसाइट के होमपेज पर “Job Card Registration” या “Apply for Job Card” के विकल्प पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद आपको राज्य, जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत का चयन करना होगा। फिर जरूरी जानकारी भरकर दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन सबमिट करने के बाद आपको एक रजिस्ट्रेशन नंबर मिलेगा। ग्राम पंचायत द्वारा जांच के बाद 15 दिनों के अंदर जॉब कार्ड जारी कर दिया जाएगा।

आवेदन का स्टेटस कैसे चेक करें?

अगर आपने आवेदन कर दिया है और उसका स्टेटस जानना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Track Job Card Status” विकल्प पर क्लिक करना होगा। यहां आपको अपना रेफरेंस नंबर डालना होगा। ट्रैक बटन पर क्लिक करते ही स्क्रीन पर आपके आवेदन या जॉब कार्ड की स्थिति दिख जाएगी।

PBGRGY.

PBGRGY.

जॉब कार्ड कैसे डाउनलोड करें?

जॉब कार्ड डाउनलोड करने के लिए भी आपको आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Download Job Card” विकल्प चुनें। इसके बाद रेफरेंस नंबर या जॉब कार्ड नंबर दर्ज करें और डाउनलोड बटन पर क्लिक करें। जॉब कार्ड आप अपने मोबाइल में सेव कर सकते हैं या प्रिंट भी निकाल सकते हैं।

125 दिन काम के कितने पैसे मिलेंगे?

पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी राज्य सरकार द्वारा तय न्यूनतम दर के अनुसार दी जाती है। अलग-अलग राज्यों में मजदूरी दर अलग होती है। आमतौर पर यह मजदूरी सीधे मजदूर के बैंक या डाकघर खाते में जमा की जाती है। अगर काम की जगह घर से 5 किलोमीटर से ज्यादा दूर है, तो आने-जाने और खाने-पीने के लिए अतिरिक्त भत्ता भी दिया जाता है।

योजना से ग्रामीणों को क्या फायदे होंगे?

इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ग्रामीण परिवारों को उनके ही इलाके में रोजगार मिल जाता है। इससे शहरों की ओर पलायन कम होता है। योजना के तहत सड़क निर्माण, तालाब खुदाई, जल संरक्षण, पौधरोपण जैसे विकास कार्य कराए जाते हैं, जिससे गांव की बुनियादी सुविधाएं भी बेहतर होती हैं।

महिलाओं को इस योजना में पुरुषों के बराबर मजदूरी दी जाती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। 125 दिन का रोजगार मिलने से ग्रामीण परिवारों की सालाना आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना सरकार का एक बड़ा कदम है, जो ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद करेगा। ज्यादा दिनों का रोजगार, आसान आवेदन प्रक्रिया और सीधा बैंक खाते में भुगतान इस योजना को और प्रभावी बनाता है। जरूरतमंद ग्रामीणों के लिए यह योजना रोजगार और सम्मानजनक जीवन का मजबूत सहारा बन सकती है।

End of Article