अगर आप म्यूचुअल फंड्स में निवेश करते हैं, तब आपके लिए अच्छी खबर है। अब आप निवेश वाली रकम और पहले निकाल सकेंगे। यूनिट बेचने के दो दिन बाद ही आपका पैसा आ जाएगा। ऐसा इसलिए, क्योंकि परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियां एक फरवरी, 2023 से इक्विटी स्कीम्स के इन्वेस्टर्स के यूनिट पेमेंट के बाद भुगतान सौदा होने के दो दिन दिन के भीतर (टी प्लस 2) ही करेंगी।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
यह कदम शेयर बाजार में कारोबार होने के एक दिन के भीतर निपटान व्यवस्था के अनुरूप है। इससे म्युचुअल फंड निवेशकों को लाभ होगा। मोतीलाल ओसवाल एएमसी के मुख्य कारोबार अधिकारी अखिल चतुर्वेदी ने इस पहल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे निवेशकों को तेजी से नकदी उपलब्ध होगी और वे उसका उपयोग फिर से उसका निवेश करने या समयद्धब तरीके से बाध्यताओं को पूरा करने में कर सकेंगे।
फिलहाल, म्युचुअल फंड इकाइयां निवेशकों को उनके बैंक खाते में पैसा यूनिट भुनाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन दिन के भीतर भेजती हैं। घरेलू शेयर बाजार में 27 जनवरी से बाजार में सौदों का निपटान अब कारोबार के बाद एक दिन के भीतर (टी प्लस 1) ही हो रहा है। इससे निपटान में लगने वाला समय एक दिन कम हो गया है और शेयर बिक्री से प्राप्त होने वाली राशि निवेशकों के पास जल्दी आ जाएगी।
म्यूचुअल फंड निकाय 'एसोसएिशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया' (एम्फी) ने एक बयान में कहा कि इस व्यवस्था का लाभ म्यूचुअल फंड निवेशकों को देने के लिये यह निर्णय किया गया है कि सभी संपत्ति प्रबंधन कंपनियां एक फरवरी से इक्विटी योजनाओं में यूनिट भुनाने के बाद दो दिन के भीतर भुगतान की व्यवस्था लागू करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
