PM Modi On Income Tax Bill: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने आयकर कानूनों में बड़े सुधार किए हैं, लेकिन संसद में हुए हंगामे के बीच कई लोग इस बदलाव को देख ही नहीं पाए। उन्होंने इसे देश की अर्थव्यवस्था और करदाताओं के लिए अहम कदम बताया।
PM Modi Independence Day Live speech
लाल किले से स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने दर्जनों पुराने कानूनों को सरल बनाने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। उन्होंने बताया, “इस बार इनकम टैक्स में भी बड़ा सुधार किया गया है। हमने 280 से ज्यादा धाराएं खत्म की हैं। 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स को शून्य कर दिया गया है, जिससे नागरिकों का जीवन आसान हुआ है।” पीएम ने यह भी कहा कि सरकार ने अंग्रेजों की दंड संहिता को खत्म कर नई न्याय संहिता लागू की है।
आर्थिक मोर्चे पर भी भारत आगे बढ़ रहा
आर्थिक मोर्चे पर पीएम मोदी ने कहा कि आज महंगाई नियंत्रण में है, विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत है और वैश्विक रेटिंग एजेंसियां लगातार भारत की अर्थव्यवस्था की सराहना कर रही हैं। उनका कहना था, “हम चाहते हैं कि इस बढ़ती अर्थव्यवस्था का लाभ गरीबों, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग तक पहुंचे। देश में नए सेक्टरों में लगातार अवसर बढ़ रहे हैं।”
UPI का बज रहा डंका
डिजिटल लेनदेन पर उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “UPI का हमारा प्लेटफॉर्म आज दुनिया को अजूबा लग रहा है। रियल-टाइम ट्रांजेक्शन में 50% हिस्सा अकेले भारत का है। मैं देश के युवाओं को चुनौती देता हूं कि क्रिएटिव वर्ल्ड और सोशल मीडिया जैसे क्षेत्र में भी हम आत्मनिर्भर बनें और अपना धन देश के भीतर ही रखें। मुझे आपके सामर्थ्य पर पूरा भरोसा है।”
