India GDP Growth: भारत दुनिया में तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और अब भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए और भी अच्छी खबर आ रही है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था अगले दो सालों में अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ेगी। IMF के मुताबिक, 2025 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.7% और 2026 में 6.4% रहने का अनुमान है। यह सुधार सरकार के लगातार किए जा रहे आर्थिक सुधारों और मजबूत उपभोग (खपत) की वजह से है।
Pic Credit: iStock
IMF ने अपने ताजा वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (WEO) में ये आंकड़े जारी किए। रिपोर्ट में कहा गया कि भारत की ग्रोथ स्थिर है और इसमें सुधार दिख रहा है। अप्रैल 2024 में जो अनुमान दिए गए थे, यह उससे बेहतर है।
तेजी से हो रही ग्रोथ
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक IMF रिसर्च डिपार्टमेंट की प्रमुख डेनिज इगन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "भारत में काफी स्थिर और अच्छी ग्रोथ हो रही है।" IMF के अनुसार भारत की ग्रोथ 2024 में 6.5% थी। 2025 में यह बढ़कर 6.7% हो सकती है। वहीं, 2026 में हल्की गिरावट के साथ 6.4% रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, IMF ने कहा कि उभरती और विकासशील अर्थव्यवस्थाएं (जैसे भारत, चीन आदि) 2025 में औसतन 4.1% और 2026 में 4% की दर से बढ़ेंगी।
चीन की बात करें तो, IMF ने 2025 के लिए उसकी ग्रोथ दर का अनुमान 4.8% लगाया है (पहले 4% थी)। ऐसा इसलिए क्योंकि चीन में उम्मीद से ज्यादा आर्थिक गतिविधि और अमेरिका के साथ व्यापार शुल्कों में कमी देखी गई है। 2026 में चीन की ग्रोथ थोड़ी कम होकर 4.2% रह सकती है। दुनियाभर की बात करें, तो IMF का मानना है कि 2025 में ग्लोबल ग्रोथ 3% और 2026 में 3.1% रह सकती है।
