Richest Indian Actor : बॉलीवुड के बादशाह यानी शाहरुख खान अपनी संपत्ति में आई बड़ी गिरावट के बावजूद देश के सबसे अमीर अभिनेता बरकरार हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शाहरुख खान की संपत्ति में पिछले एक साल में काफी कमी आई है, लेकिन इसके बाद भी वह कमाई और कुल नेट वर्थ के मामले में अमिताभ बच्चन, सलमान खान और ऋतिक रोशन जैसे बड़े दिग्गजों से काफी आगे चल रहे हैं।
हुरुन रिपार्ट 2025: शाहरुख खान बॉलीवुड के सबसे अमीर सितारे (तस्वीर-X)
शाहरुख खान की कुल संपत्ति और बिजनेस
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार, शाहरुख खान की कुल संपत्ति फिलहाल 10,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। अगर इसकी तुलना 2025 की रिपोर्ट से करें, तो उस समय उनकी नेट वर्थ 12,490 करोड़ रुपये बताई गई थी। इसका मतलब है कि एक ही साल में उनकी संपत्ति में करीब 2,490 करोड़ रुपये की गिरावट आई है। हालांकि, शाहरुख की कमाई केवल उनकी फिल्मों की फीस तक सीमित नहीं है। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनके प्रोडक्शन हाउस 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' और आईपीएल (IPL) टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में उनकी हिस्सेदारी से आता है। गौरतलब है कि हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट ने इस साल की शुरुआत में उनकी संपत्ति 10,800 करोड़ रुपये आंकी थी, क्योंकि गैर-सरकारी कंपनियों और निजी संपत्तियों के मूल्य समय-समय पर बदलते रहते हैं।
अमिताभ बच्चन और सलमान खान की संपत्ति में उछाल
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन इस लिस्ट में दूसरे सबसे अमीर भारतीय अभिनेता बनकर उभरे हैं। 2026 की लिस्ट में उनकी कुल संपत्ति 4,000 करोड़ रुपये बताई गई है। अमिताभ बच्चन की नेट वर्थ में पिछले साल के मुकाबले बहुत बड़ा उछाल देखने को मिला है। 2025 में उनकी संपत्ति 1,630 करोड़ रुपये थी। फिल्मों के अलावा अमिताभ की यह कमाई रियल एस्टेट, शेयर मार्केट में निवेश और फैमिली ऑफिस के जरिए किए गए वित्तीय प्रबंधन से आती है।
दूसरी ओर, दबंग सलमान खान ने भी इस लिस्ट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। सलमान खान 3,000 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ टॉप अभिनेताओं में शामिल हो गए हैं। उनके ठीक पीछे ऋतिक रोशन हैं, जिनकी कुल संपत्ति बढ़कर 2,500 करोड़ रुपये हो गई है। ऋतिक की संपत्ति 2025 में 2,160 करोड़ रुपये थी और उनकी इस कमाई में उनके लाइफस्टाइल व फिटनेस ब्रांड 'HRX' का बहुत बड़ा योगदान है।
जूही चावला और करण जौहर लिस्ट से बाहर
2026 की हुरुन लिस्ट में कुछ चौंकाने वाले बदलाव भी देखने को मिले हैं। 2025 की रिच लिस्ट में जगह बनाने वाली अभिनेत्री जूही चावला और मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर इस साल टॉप नामों में जगह नहीं बना पाए हैं। 2025 की रिपोर्ट में जूही चावला की संपत्ति 7,790 करोड़ रुपये और करण जौहर की संपत्ति 1,880 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस साल इनका नाम लिस्ट से गायब रहना फिल्म जगत के लिए एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है।
फिल्म निर्माण से जुड़े दिग्गजों का दबदबा
अदाकारों के अलावा, मनोरंजन उद्योग से जुड़े बड़े फिल्म निर्माताओं और बिजनेसमैन ने भी इस अमीर लिस्ट में अपना दबदबा दिखाया है। फिल्म 'रामायण' के निर्माता नमित मल्होत्रा के पिता नरेश मल्होत्रा की संपत्ति 16,000 करोड़ रुपये बताई गई है, जो सभी कलाकारों से काफी अधिक है। इसके अलावा टी-सीरीज के भूषण कुमार, रोनी स्क्रूवाला और सन नेटवर्क के कलानिधि मारन जैसे बड़े फिल्म निर्माताओं ने भी भारत के सबसे अमीर लोगों की इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है।
