आज के जमाने में हर कोई जल्दी करोड़पति बनने के सपने देखता है सब यही सोचते हैं कैसे और क्या किया जाए जो जल्दी करोड़पति बन जाएं। अगर आप भी जल्दी अमीर या करोड़पति का सपना देख रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। वैसे तो जल्दी अमीर या करोड़ों की दौलत जमा करने का कोई शॉर्टकट नहीं है लेकिन अगर आप सही ढंग से सोच समझकर और स्मार्ट तरीके से अपने पैसों का इस्तेमाल करें तो जल्दी अमीर बन सकते हैं। आज हम आपको ऐसे ही एक तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं जिसमे हर महीने छोटी रकम निवेश करके आप जल्दी नहीं तो 20 साल में तो जरूर ही करोड़पति बन जाएंगे।
इन दिनों म्यूचुअल फंड्स का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। निवेशक पारंपरिक निवेश विकल्पों के बजाय अब म्यूचुअल फंड्स की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। बाजार में बढ़ते रिटर्न और आसान निवेश प्रक्रिया के चलते इसमें निवेश की रफ्तार भी तेजी से बढ़ती जा रही है। यही तरीका है जो आपको कम समय में जल्दी करोड़पति बना सकता है।
कैसे बने करोड़पति?
अगर आप भी भविष्य में करोड़ों रुपये का फंड बनाना चाहते हैं, तो म्यूचुअल फंड में SIP (Systematic Investment Plan) के जरिए निवेश करना एक शानदार तरीका है। SIP से आप हर महीने एक तय रकम निवेश करके लंबे समय में बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। आज हम आपको एक ऐसा आसान फॉर्मूला बताएंगे, जिससे आप बिना किसी जटिल योजना के करोड़पति बन सकते हैं। इस फॉर्मूले का नाम है 11x12x20, जो आपके निवेश को करोड़ों में बदल सकता है।
क्या आपको लगता है कि आज के समय में करोड़पति बनना बहुत मुश्किल है? दरअसल, ऐसा नहीं है। 11x12x20 फॉर्मूला एक बहुत ही आसान और प्रैक्टिकल तरीका है, जिससे आप धीरे-धीरे बड़ी रकम बना सकते हैं। यह कोई लॉटरी या किस्मत का खेल नहीं, बल्कि स्मार्ट फाइनेंशियल प्लानिंग का नतीजा है।
ये फॉर्मूला आएगा आपके काम
अब जानते हैं इस ‘करोड़पति फॉर्मूले’ का मतलब
11 का मतलब है ₹11,000 की आपकी हर महीने की SIP।
12 का मतलब है 12% का अनुमानित सालाना रिटर्न।
20 का मतलब है 20 साल की निवेश अवधि।
इस फॉर्मूले का पहला नियम है नियमितता और अनुशासन। आपको हर महीने ₹11,000 की SIP करना जरूरी है। अगर इसे रोज़ाना के हिसाब से देखें तो यह लगभग ₹367 होता है — यानी इतनी राशि तो हम अक्सर बाहर खाने या शॉपिंग में खर्च कर देते हैं। यही छोटी बचत अगर हर महीने निवेश की जाए, तो यह भविष्य में आपको आर्थिक आज़ादी दे सकती है।
अब सवाल आता है कि 12% का रिटर्न कहां मिलेगा?
यह रिटर्न बैंक FD या सरकारी स्कीमों में पाना मुश्किल है। इसके लिए आपको इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश करना चाहिए। लंबे समय में अच्छे लार्ज-कैप (Large-cap) और फ्लेक्सी-कैप (Flexi-cap) फंड्स ने औसतन 12% से 15% तक का रिटर्न दिया है।
इस फॉर्मूले का सबसे अहम हिस्सा है समय (Time)। जब आप 20 साल तक निवेश को बढ़ने का मौका देते हैं, तो कम्पाउंडिंग का जादू काम करता है यानी आपके मुनाफे पर भी मुनाफा बनने लगता है। यही चीज आपके निवेश को तेजी से बढ़ाती है।
ऐसे करें कैलकुलेशन
अगर आप ₹11,000 की SIP हर महीने करते हैं और 12% रिटर्न पाते हैं, तो 20 साल में आपका कुल निवेश ₹26,40,000 होगा। कम्पाउंडिंग की वजह से आपको करीब ₹74.8 लाख का मुनाफा मिलेगा। यानी आपका कुल फंड ₹1,01,18,431 पूरे 1 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो जाएगा। इसलिए, करोड़पति बनने के लिए अमीर होना जरूरी नहीं, बस जल्दी शुरुआत और नियमित निवेश ही सबसे बड़ा मंत्र है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
